गायिका श्रेया घोषाल ने अपने पति शिलादित्य मुखोपाध्याय के साथ रिश्ते और घर की जिम्मेदारियां साझा करने के तरीके पर बात की है. ‘द मेल फेमिनिस्ट पॉडकास्ट’ पर बातचीत में उन्होंने कहा कि शिलादित्य घर के काम खुद संभाल लेते हैं और उनसे यह उम्मीद नहीं करते कि पत्नी होने के नाते सारी जिम्मेदारी वही उठाएं.
श्रेया ने अपने पति को ऐसा साथी मिलने पर खुद को ‘भाग्यशाली’ बताया. उनके मुताबिक, शिलादित्य अपने काम खुद करना पसंद करते हैं. वह बर्तन धोने और रसोई की सफाई जैसे काम भी कर लेते हैं. श्रेया ने कहा कि कई बार अगर वह ये काम करने लगती हैं, तो शिलादित्य नाराज हो जाते हैं, क्योंकि वह अपने हिस्से के काम खुद करना चाहते हैं.
लंबे कामकाजी दौरों के दौरान भी नहीं उठाते सवाल
श्रेया ने बताया कि दोनों के व्यस्त पेशेवर जीवन के कारण घर की जिम्मेदारियां साझा करना उनके रिश्ते का स्वाभाविक हिस्सा बन गया है. उन्होंने कहा कि दोनों दिनभर कड़ी मेहनत करते हैं और अपने घरेलू काम मिलकर संभालते हैं.
गायिका के अनुसार, शिलादित्य ने कभी उनसे यह सवाल नहीं किया कि वह घर पर क्यों मौजूद नहीं हैं. उन्होंने कहा कि कई बार वह महीनों तक काम के सिलसिले में बाहर रहती हैं, लेकिन शिलादित्य इस स्थिति को समझते हैं. श्रेया ने अपने रिश्ते में आपसी भरोसे और समझ को अहम बताया.
उन्होंने यह भी कहा कि दोनों में अहंकार से जुड़ी परेशानियां नहीं हैं और वे एक-दूसरे को लेकर काफी समान सोच रखते हैं. बातचीत में श्रेया ने अपने बच्चे को परिवार के केंद्र में बताया.
बचपन से एक-दूसरे को जानते हैं श्रेया और शिलादित्य
श्रेया के मुताबिक, शिलादित्य के साथ उनका रिश्ता लंबे समय की पहचान और दोस्ती पर आधारित है. दोनों एक-दूसरे को बचपन से जानते हैं. जहां श्रेया ने संगीत की दुनिया में अपनी पहचान बनाई, वहीं शिलादित्य ने टेक्नोलॉजी क्षेत्र में अपना करियर बनाया.
दोनों ने कई वर्षों तक रिश्ते में रहने के बाद 5 फरवरी 2015 को शादी की. 2021 में उनके बेटे देवयान का जन्म हुआ. श्रेया आमतौर पर अपने निजी जीवन को मीडिया से दूर रखती हैं, लेकिन इस बातचीत में उन्होंने करियर, घर और पैरेंटिंग के बीच संतुलन पर अपने रिश्ते की झलक साझा की.
