‘श्री महाकाव्य रामायण कथा’ के निर्माता प्रकाश महोबिया, सह-निर्माता संजय बुंदेला और फिल्म की टीम ने 16 सितंबर को छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से मुलाकात की. बैठक में फिल्म के निर्माण, विषय, भव्य प्रस्तुति और राज्य में शूटिंग किए गए अलग-अलग स्थानों पर चर्चा हुई.
टीम के अनुसार, फिल्म की शूटिंग बस्तर, चित्रकोट, भिलाई और छत्तीसगढ़ के अन्य प्राकृतिक व ऐतिहासिक महत्व वाले स्थानों पर की गई है. निर्माताओं का कहना है कि फिल्म के जरिए राज्य की प्राकृतिक सुंदरता, संस्कृति और विरासत को देश-विदेश के दर्शकों तक पहुंचाने का प्रयास किया गया है.
हिंदी और छत्तीसगढ़ी में बनाई गई फिल्म
टीम ने मुख्यमंत्री को बताया कि यह फिल्म भगवान श्रीराम के जीवन, आदर्शों, त्याग, मर्यादा और धर्म की कथा को बड़े सिनेमाई रूप में प्रस्तुत करने का प्रयास है. फिल्म हिंदी और छत्तीसगढ़ी, दोनों भाषाओं में बनाई जा रही है.
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इसे छत्तीसगढ़ के लिए गर्व का विषय बताया. उन्होंने कहा कि रामायण पर आधारित छत्तीसगढ़ी फिल्म के साथ-साथ हिंदी संस्करण बनाया जाना महत्वपूर्ण है. उन्होंने फिल्म की टीम को शुभकामनाएं दीं और कहा कि बस्तर, चित्रकोट, भिलाई तथा राज्य के अन्य हिस्सों में शूटिंग से छत्तीसगढ़ के पर्यटन और सांस्कृतिक पक्ष को पहचान मिल सकती है.
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने फिल्म देखने की सहमति भी जताई. निर्माताओं के अनुसार, वह इसे 25 दिसंबर 2026 को देखेंगे. फिल्म को देशभर के सिनेमाघरों में 25 सितंबर 2026 को रिलीज करने का प्रस्ताव है.
‘श्री महाकाव्य रामायण कथा’ का निर्माण Mahobiya Films Production Private Limited के बैनर तले हुआ है. इसका निर्देशन अभिषेक सिंह ने किया है. प्रकाश महोबिया निर्माता और संजय बुंदेला सह-निर्माता हैं.
