अभिनेत्री श्रुति हासन को AI से बनाए गए डीपफेक और कथित तौर पर उनकी छवि के अनधिकृत इस्तेमाल से जुड़े मामले में बॉम्बे हाई कोर्ट से अंतरिम राहत मिली है. अदालत ने उनके द्वारा चिन्हित कंटेंट को हटाने का निर्देश दिया है. मामले की सुनवाई न्यायमूर्ति माधव जामदार के समक्ष हुई.

श्रुति हासन ने अदालत से AI-जनित डीपफेक, बदले हुए वीडियो, तस्वीरों, चैटबॉट और अन्य कथित रूप से आपत्तिजनक सामग्री के इस्तेमाल और प्रसार से सुरक्षा की मांग की थी. उनकी याचिका में उनकी छवि या समानता का इस्तेमाल कथित तौर पर व्यावसायिक प्रचार और ऐसे उत्पादों पर भी किए जाने का मुद्दा उठाया गया है, जिनके लिए उनकी अनुमति नहीं ली गई.

ऑनलाइन प्रसार को लेकर अदालत की टिप्पणी

अदालत ने कहा कि AI-जनित डीपफेक और बदली हुई सामग्री के ऑनलाइन प्रसार से श्रुति हासन की प्रतिष्ठा, goodwill और व्यावसायिक हितों को “अपूरणीय नुकसान” हो सकता है. कोर्ट के अनुसार, एक बार ऐसी सामग्री इंटरनेट पर आने के बाद उसकी कॉपी बनाकर व्यापक स्तर पर प्रसारित किया जाना संभव है. ऐसे नुकसान की भरपाई केवल आर्थिक मुआवजे से करना मुश्किल हो सकता है.

अदालत ने यह भी कहा कि morphed, deepfake और superimposed तस्वीरें व वीडियो किसी व्यक्ति के personality, publicity और moral rights को प्रभावित कर सकते हैं. उपलब्ध सामग्री के आधार पर कोर्ट ने श्रुति हासन के पक्ष में “बहुत मजबूत प्रथमदृष्टया मामला” माना.

कई पक्षों के खिलाफ दायर किया गया था मुकदमा

अदालती कार्यवाही के विवरण के मुताबिक, श्रुति हासन ने कथित सामग्री बनाने, उसे होस्ट करने और वितरित करने से जुड़े कई पक्षों के खिलाफ मुकदमा दायर किया था. कुछ प्रतिवादी अदालत में पेश नहीं हुए या तय समय में अपना बचाव दाखिल नहीं कर सके. इसके बाद अदालत ने उनके खिलाफ ad-interim injunction जारी किया.

वहीं, कुछ प्रतिवादियों की ओर से पेश वकीलों ने अदालत को बताया कि श्रुति हासन की कानूनी टीम से स्पष्ट और पढ़े जा सकने वाले URLs मिलने के बाद उनके प्लेटफॉर्म पर मौजूद कंटेंट हटा दिया जाएगा.

अदालत ने कार्यवाही में यह भी दर्ज किया कि personality, publicity और privacy rights को भारतीय संविधान के अनुच्छेद 19(1)(a) और 21 के तहत संवैधानिक संरक्षण प्राप्त है. मौजूदा आदेश इस मामले में अंतरिम स्तर की राहत है; इससे मुकदमे के अंतिम नतीजे का निष्कर्ष नहीं निकलता.