छत्तीसगढ़ के सीतापुर थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे-43 पर बाइक और सड़क किनारे खड़े ट्रेलर की टक्कर में दो चचेरे भाइयों की मौत हो गई. हादसा अंबिकापुर-रायगढ़ मुख्य मार्ग पर विशुनपुर ढाबे के पास बीती रात हुआ.
पुलिस के अनुसार, लुंड्रा थाना क्षेत्र के उंचडीह गांव निवासी संतोष नागेश और अशोक नागेश फॉल्स सीलिंग का काम करने बाइक से सीतापुर गए थे. काम खत्म करने के बाद दोनों रात में घर लौट रहे थे. इसी दौरान उनकी बाइक सड़क किनारे खड़े ट्रेलर से पीछे से टकरा गई.
टक्कर में दोनों के सिर पर गंभीर चोटें आईं. संतोष नागेश की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अशोक गंभीर रूप से घायल हो गया. सूचना मिलने के बाद पुलिस ने दोनों को अस्पताल पहुंचाया. हालत गंभीर होने पर अशोक को अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई.
पोस्टमॉर्टम के बाद दोनों शव परिजनों को सौंप दिए गए. पुलिस ने ट्रेलर ड्राइवर को गिरफ्तार कर वाहन जब्त कर लिया है. उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 281, 125 और 106(1) के तहत मामला दर्ज किया गया है.
ढाबे के पास वाहनों की अव्यवस्थित पार्किंग का मुद्दा
स्थानीय जानकारी के मुताबिक, विशुनपुर में हाईवे किनारे ढाबा होने के कारण शाम के समय ट्रक और अन्य वाहन रुकते हैं. आरोप है कि कुछ वाहन सड़क किनारे बेतरतीब खड़े किए जाते हैं, जिससे दुर्घटना का खतरा बना रहता है. इस स्थान पर पहले भी सड़क हादसे होने की बात सामने आई है.
