छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में शुक्रवार शाम राष्ट्रीय राजमार्ग-43 पर हुए सड़क हादसे में 70 वर्षीय कारोबारी त्रिलोक चंद गोयल की मौत हो गई. हादसा सीतापुर में सेंट्रल बैंक के पास अंबिकापुर-रायगढ़ मार्ग पर हुआ.
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, त्रिलोक चंद गोयल स्कूटी से जा रहे थे. इसी दौरान उनकी स्कूटी अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई और वह वहां से गुजर रहे ट्रेलर के पहिए के नीचे आ गए. उनकी मौके पर ही मौत हो गई.
गोयल सीतापुर में ‘निहारिका स्टोर्स’ नाम से थोक किराना दुकान चलाते थे. हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और पुलिस को सूचना दी गई.
शव अस्पताल पहुंचाने में देरी का दावा
रिपोर्ट के मुताबिक, प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हादसे के बाद शव करीब आधे घंटे तक सड़क पर पड़ा रहा और मौके पर एम्बुलेंस नहीं पहुंची. इसके बाद पुलिसकर्मियों ने शव को स्ट्रेचर से लगभग 100 मीटर दूर ले जाकर ऑटो के जरिए अस्पताल पहुंचाया.
स्थानीय लोगों ने घटनास्थल की जर्जर सड़क को लेकर नाराजगी जताई. उनका कहना है कि बारिश के बाद सड़क की स्थिति और खराब हो गई है. रिपोर्ट के अनुसार, सड़क निर्माण के लिए हादसे से एक दिन पहले भूमिपूजन किया गया था. पुलिस फिलहाल हादसे के कारणों की जांच कर रही है और आगे की कार्रवाई में जुटी है.
