मुंबई की बांद्रा मजिस्ट्रेट अदालत ने अभिनेत्री सोनाक्षी सिन्हा की कथित मॉर्फ्ड तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा करने के मामले में दिल्ली से पकड़े गए आर्यन दीपक जैन को रिहा करने का आदेश दिया है. अदालत ने गिरफ्तारी की प्रक्रिया को अवैध माना और पुलिस की हिरासत मांग खारिज कर दी.

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, सोनाक्षी सिन्हा की शिकायत पर शुक्रवार को मुंबई के बांद्रा पुलिस थाने में मामला दर्ज किया गया था. शिकायत में आरोप लगाया गया कि दिल्ली में रहने वाले एक व्यक्ति ने उनकी बदली हुई तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा कीं.

पुलिस ने आर्यन दीपक जैन को शनिवार सुबह करीब 10:11 बजे दिल्ली के शाहदरा क्षेत्र के जगतपुरी पुलिस थाने से हिरासत में लिया. इसके बाद उसे विमान से मुंबई लाया गया और बांद्रा अदालत में पेश किया गया. पुलिस ने मामले की जांच के लिए तीन दिन की हिरासत मांगी थी. जांचकर्ताओं का कहना था कि उन्हें कथित मॉर्फ्ड तस्वीर तैयार करने में इस्तेमाल डिवाइस या माध्यम का पता लगाना है.

अदालत ने कहा कि आरोपी को दिल्ली की सीमा से बाहर ले जाने से पहले वहां के निकटतम मजिस्ट्रेट के सामने पेश नहीं किया गया. अदालत के मुताबिक, पुलिस सीधे आरोपी को दिल्ली से मुंबई लेकर आई और इस प्रक्रिया को छोड़ने का कोई संतोषजनक कारण रिकॉर्ड में नहीं है.

बचाव पक्ष के वकीलों अमन शाही, प्रशांत त्रिवेदी और आदित्य जैन ने गिरफ्तारी का विरोध किया. उनका तर्क था कि आरोपी को न तो आवश्यक नोटिस दिया गया और न ही गिरफ्तारी के आधार बताए गए. उन्होंने यह भी कहा कि उसे स्थानीय मजिस्ट्रेट के सामने पेश किए बिना हवाई मार्ग से मुंबई लाया गया.

अदालत ने कहा कि आरोपित अपराधों में सात साल तक की सजा का प्रावधान है. इसलिए जांच अधिकारी को BNSS की धारा 35(1)(b) के तहत गिरफ्तारी की आवश्यकता के कारण दर्ज करना जरूरी था. अदालत ने स्पष्ट किया कि केवल आगे की जांच की जरूरत गिरफ्तारी और हिरासत का पर्याप्त आधार नहीं हो सकती.