अभिनेत्री सोनी राजदान ने अपने करियर और निजी पहचान को लेकर खुलकर बात की है. उन्होंने कहा कि महेश भट्ट की पत्नी और आलिया भट्ट की मां के रूप में पहचाने जाने के बावजूद उनकी सबसे बड़ी पहचान एक अभिनेत्री की है.

Galatta Plus के साथ हालिया बातचीत में सोनी से पूछा गया कि वह इन पारिवारिक पहचान से अलग खुद को किस रूप में देखती हैं. इसके जवाब में उन्होंने कहा कि शादी से पहले भी वह संघर्षरत अभिनेत्री थीं और महेश भट्ट से शादी के बाद भी उनका संघर्ष जारी रहा. आलिया की मां बनने के बाद भी वह खुद को उसी तरह एक ऐसी अभिनेत्री मानती हैं, जिसे अभिनय से गहरा लगाव है.

सोनी ने माना कि उनके लिए करियर का सफर आसान नहीं रहा. उन्होंने कहा कि हिंदी फिल्म इंडस्ट्री में उस दौर में अभिनेत्रियों के रूप-रंग को लेकर कुछ तय धारणाएं थीं. उनके मुताबिक, उनका लुक उन अपेक्षाओं से अलग था और शायद इसी वजह से उन्हें कुछ मौकों पर मुश्किलों का सामना करना पड़ा. हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें कभी नहीं लगा कि उनमें प्रतिभा की कमी थी.

अभिनेत्री ने बताया कि उन्होंने अपने करियर की शुरुआत थिएटर से की थी और उन्हें लगता था कि वह लंबे समय तक रंगमंच से जुड़ी रहेंगी. लेकिन थिएटर से पर्याप्त आमदनी नहीं होने के कारण उन्हें फिल्मों की ओर रुख करना पड़ा.

सोनी ने यह भी स्पष्ट किया कि वह फिल्मों में केवल ग्लैमरस चेहरा बनने के बजाय अपने अभिनय के लिए पहचानी जाना चाहती थीं. उनका कहना है कि वह ‘ग्लैम डॉल’ के रूप में नहीं, बल्कि एक कलाकार के तौर पर याद की जाना चाहती हैं.

सोनी राजदान हाल में नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम हो रही फिल्म ‘Shaque: Trust No One’ में नजर आई थीं.