गायक सोनू निगम ने बेंगलुरु में प्रस्तावित कॉन्सर्ट से पहले कन्नड़ समुदाय से माफी मांगी है. यह माफी उनकी उस टिप्पणी को लेकर जारी विवाद के बीच आई है, जिसे पहलगाम आतंकी हमले से जोड़कर देखा गया था. सोनू निगम का बेंगलुरु में कॉन्सर्ट 24 अक्टूबर को निर्धारित है.

सोनू ने वीडियो संदेश में कन्नड़ भाषा में कहा कि जब किसी से प्यार हो और रिश्ता लंबे समय तक बनाए रखना हो, तो बार-बार माफी मांगने में भी संकोच नहीं होता. उन्होंने कहा कि अगर उनकी किसी बात से अनजाने में लोगों को ठेस पहुंची है, तो उन्हें खेद है. गायक ने यह भी कहा कि वह कर्नाटक और वहां के लोगों को अपना परिवार मानते हैं और पिछले 30 वर्षों में मिले प्यार और सम्मान को किसी गलतफहमी या कड़वाहट से प्रभावित नहीं होने देना चाहते.

क्या है विवाद

विवाद की शुरुआत अप्रैल 2025 में बेंगलुरु के ईस्ट पॉइंट कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी में हुए सोनू के कार्यक्रम से जुड़ी है. कार्यक्रम के दौरान दर्शकों में से एक व्यक्ति ने उनसे बार-बार कन्नड़ में गाना गाने की मांग की थी. सोनू ने कर्नाटक और वहां के दर्शकों के प्रति अपने लगाव की बात कहते हुए मांग किए जाने के तरीके पर आपत्ति जताई थी.

बाद में उनकी टिप्पणी को 22 अप्रैल 2025 को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले से जोड़कर चर्चा की गई. इस हमले में बैसरन मैदान के पास पर्यटकों पर गोलीबारी में 26 लोगों की मौत हुई थी. टिप्पणी को लेकर कन्नड़ भाषी समुदाय के कुछ वर्गों ने आलोचना की थी.

कन्नड़ समर्थक संगठन कर्नाटक रक्षणा वेदिके ने बेंगलुरु के पुलिस आयुक्त से कॉन्सर्ट की अनुमति नहीं देने की मांग की थी. नए वीडियो संदेश के जरिए सोनू ने विवाद को समाप्त करने और कर्नाटक के लोगों के साथ अपने संबंधों को बनाए रखने की अपील की है.