रायपुर से मुंबई जा रही इंडिगो की फ्लाइट में यात्रियों को उस समय खास सरप्राइज मिला, जब गायक सोनू निगम ने उनके आग्रह पर गीत सुनाए. विमान में सोनू निगम को देखकर सहयात्रियों ने उनसे गाने की फरमाइश की. इसके बाद उन्होंने ‘हर घड़ी बदल रही है जिंदगी’ और ‘बिजुरिया’ जैसे गीत गाए.
सोनू निगम की प्रस्तुति के दौरान विमान में मौजूद यात्रियों ने उत्साह जताया. कई यात्रियों ने इस पल को मोबाइल कैमरे में रिकॉर्ड किया और उनके साथ सेल्फी भी ली. यात्रा का वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किए जाने के बाद यह मामला चर्चा में आ गया.
ओरियाना फेस्ट में प्रस्तुति के बाद मुंबई रवाना हुए
सोनू निगम 19 नवंबर को रायपुर एम्स के वार्षिक उत्सव ‘ओरियाना फेस्ट’ के तहत आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में प्रस्तुति देने रायपुर पहुंचे थे. कार्यक्रम के बाद 20 नवंबर को वे इंडिगो की फ्लाइट से मुंबई लौट रहे थे. इसी यात्रा के दौरान यात्रियों को उनके साथ सफर करने और लाइव गीत सुनने का मौका मिला.
सोनू निगम तीन दशक से अधिक समय से भारतीय संगीत जगत में सक्रिय हैं. उन्होंने हिंदी फिल्मों में रोमांटिक, देशभक्ति और भक्ति गीतों समेत कई विधाओं में गायन किया है. ‘कल हो ना हो’, ‘संदेशे आते हैं’, ‘ये दिल दीवाना’ और ‘अभी मुझ में कहीं’ उनके चर्चित गीतों में शामिल हैं. संगीत के क्षेत्र में योगदान के लिए उन्हें वर्ष 2022 में पद्मश्री से सम्मानित किया गया था.
