अभिनेता सोनू सूद ने मुंबई में अभिनेता शरद कपूर से मुलाकात की और उन्हें मेडिकल सहायता देने का भरोसा दिया. शरद कपूर पिछले कुछ समय से स्वास्थ्य संबंधी दिक्कतों और काम की कमी से जूझ रहे हैं. इस मुलाकात की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आए हैं.

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, बातचीत के दौरान सोनू सूद ने शरद कपूर की सेहत और आर्थिक स्थिति के बारे में जानकारी ली. शरद कपूर ने बताया कि सोशल मीडिया पर मदद की अपील करने के बाद फिल्म इंडस्ट्री के कई लोगों ने उनसे संपर्क किया. इनमें अमिताभ बच्चन, सलमान खान और सोनू सूद भी शामिल हैं.

शरद कपूर ने काम की मांग की थी

शरद कपूर ने पिछले सप्ताह एक वीडियो जारी कर वरिष्ठ कलाकारों और फिल्म इंडस्ट्री के लोगों, खासकर Cine and TV Artistes’ Association (CINTAA), से काम दिलाने में मदद मांगी थी. उन्होंने स्पष्ट किया था कि वह आम लोगों से पैसे नहीं मांग रहे हैं और उनकी प्राथमिकता काम हासिल करना है.

इससे पहले एक वीडियो सामने आया था, जिसमें उनके चार कुत्तों को एक शेल्टर ले जाया जा रहा था. शरद कपूर ने बताया था कि उन्होंने अपनी दोस्त हेमा चौधरी से कुत्तों की अस्थायी देखभाल की व्यवस्था करने को कहा था. उन्होंने कहा था कि कुत्ते कुछ दिनों बाद उनके पास लौट आएंगे.

अभिनेता के मुताबिक, उन्होंने घर बेचकर दूसरी जगह जाने की योजना बनाई है. उन्होंने यह भी कहा कि आर्थिक रूप से उनकी स्थिति ठीक है, लेकिन उन्हें अच्छे काम की जरूरत है.

शरद कपूर ने बताया कि कुछ महीने पहले फुटबॉल खेलते समय उनका पैर टूट गया था. चोट और निजी तनाव का उनके मनोबल पर असर पड़ा. उन्होंने कहा कि पूरी तरह ठीक होने में करीब तीन महीने और लग सकते हैं, लेकिन वह पर्दे पर वापसी को लेकर आशावादी हैं.

उन्होंने यह भी बताया कि क्रिप्टोकरेंसी बेचने के बाद उनके बैंक खाते पर आयकर विभाग ने रोक लगा दी है. शरद कपूर के अनुसार, उन्होंने इस कार्रवाई के खिलाफ अपील की है.

शरद कपूर ‘दस्तक’, ‘जोश’, ‘लक्ष्य’ और ‘जय हो’ जैसी फिल्मों में काम कर चुके हैं.