सुकेश चंद्रशेखर ने Netflix और India Today Group को अपनी आगामी डॉक्यूमेंट्री ‘Love, Scam aur Dhokha: The Sukesh Chandrashekhar Story’ को लेकर कानूनी नोटिस भेजा है. उनकी ओर से डॉक्यूमेंट्री की रिलीज टालने की मांग की गई है. Netflix ने इसका प्रीमियर 18 दिसंबर 2026 को घोषित किया है.

यह नोटिस 26 नवंबर को अधिवक्ता अनंत मलिक के जरिए भेजा गया. इसमें Netflix Entertainment Services India LLP, Netflix Inc., India Today Originals से जुड़ी इकाई, डॉक्यूमेंट्री के निर्देशक और कार्यकारी निर्माता को पक्ष बनाया गया है. नोटिस में जवाब देने के लिए 72 घंटे का समय दिया गया है.

लंबित मामलों का दिया हवाला

कानूनी टीम ने दावा किया है कि कथित 200 करोड़ रुपये की रंगदारी के मामले और तिहाड़ जेल से जुड़े घटनाक्रम अभी अदालतों के विचाराधीन हैं. उसका कहना है कि अभियोजन पक्ष के गवाहों के बयान दर्ज किए जाने के दौरान विवादित घटनाओं का एक पक्ष दिखाने वाली डॉक्यूमेंट्री सार्वजनिक होने से लोगों की धारणा प्रभावित हो सकती है और चल रही न्यायिक प्रक्रिया पर असर पड़ सकता है.

नोटिस में यह भी पूछा गया है कि डॉक्यूमेंट्री में किन लोगों के इंटरव्यू शामिल हैं. टीम ने यह स्पष्ट करने को कहा है कि क्या अभियोजन पक्ष के किसी गवाह, जांच अधिकारी या वर्तमान और पूर्व जेल अधिकारियों से बातचीत की गई है. इसके अलावा, जांच एजेंसियों या जेल प्रशासन से आधिकारिक दस्तावेज और रिकॉर्डिंग लिए जाने की जानकारी भी मांगी गई है.

कानूनी नोटिस के मुताबिक, डॉक्यूमेंट्री बनाने वालों ने चंद्रशेखर से संपर्क नहीं किया और उन्होंने इस परियोजना में हिस्सा नहीं लिया. उनकी टीम ने यह भी कहा है कि लंबित मामलों में चंद्रशेखर ने खुद को दोषी नहीं माना है और अदालत के फैसले तक निर्दोष माने जाने के अधिकार का दावा किया है.

रिलीज रोकने के साथ ये मांगें भी

अनंतम लीगल ने Netflix और India Today Group से डॉक्यूमेंट्री, उसके ट्रेलर और अन्य प्रचार सामग्री को तब तक टालने को कहा है, जब तक संबंधित मुकदमों में अभियोजन पक्ष के साक्ष्य पूरे नहीं हो जाते. टीम ने वकीलों को प्री-रिलीज स्क्रीनिंग देने, डॉक्यूमेंट्री में शामिल लोगों की जानकारी साझा करने और फुटेज, रिकॉर्डिंग, स्क्रिप्ट व संबंधित पत्राचार सुरक्षित रखने की मांग भी की है.

नोटिस में प्रचार सामग्री से चंद्रशेखर को ‘conman’ कहने या विचाराधीन आरोपों को स्थापित तथ्य की तरह पेश करने वाली भाषा हटाने की मांग की गई है. अधिवक्ता अनंत मलिक ने कहा कि यह डॉक्यूमेंट्री पर रोक लगाने का सामान्य प्रयास नहीं, बल्कि रिलीज के समय को लेकर आपत्ति है.

कानूनी टीम ने सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय और गृह मंत्रालय को भी अभ्यावेदन भेजकर रिलीज से पहले डॉक्यूमेंट्री की जांच का अनुरोध किया है. उसने दिल्ली हाई कोर्ट का रुख करने और रिलीज से पहले अदालत द्वारा डॉक्यूमेंट्री देखे जाने का निर्देश मांगने की बात कही है.