सनी देओल की आगामी क्राइम थ्रिलर फिल्म ‘सूर्या: अंत से आरंभ तक’ का फर्स्ट लुक और मोशन पोस्टर जारी कर दिया गया है. पोस्टर में अभिनेता का रग्ड और गंभीर अंदाज नजर आता है. उनका थका हुआ चेहरा, तीखी नजर और हाथ में सिगरेट फिल्म के अंधेरे और रहस्यमय माहौल की झलक देते हैं.

फिल्म के पोस्टर पर लिखा है, “Torn between his past and present, he uncovers the truth.” यह टैगलाइन ऐसे किरदार की ओर संकेत करती है, जो अपने अतीत और वर्तमान के बीच उलझा हुआ है और सच्चाई तक पहुंचने की कोशिश करता है. फिल्म 20 नवंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है.

रिटायर्ड पुलिस अफसर के किरदार में सनी देओल

उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, सनी देओल फिल्म में एक रिटायर्ड पुलिस अधिकारी की भूमिका निभा रहे हैं. वह एक जटिल जांच में शामिल हो जाते हैं, जो उन्हें अपराध, पुराने रहस्यों और अनसुलझे सवालों की ओर ले जाती है. हालांकि, निर्माताओं ने अभी फिल्म की कहानी से जुड़ी विस्तृत जानकारी साझा नहीं की है.

‘सूर्या: अंत से आरंभ तक’ का निर्देशन मलयालम फिल्ममेकर एम. पद्मकुमार ने किया है. यह हिंदी सिनेमा में उनका निर्देशन डेब्यू है. फिल्म 2018 में रिलीज हुई मलयालम थ्रिलर ‘जोसेफ’ का हिंदी रूपांतरण है, जिसे शाही कबीर ने लिखा था.

फिल्म की कास्ट में रवि किशन, प्रज्ञा जायसवाल, जिशु सेनगुप्ता, टीनू आनंद, मनीष वाधवा और तनुश्री चक्रवर्ती शामिल हैं. रोहित तिवारी और अनूप त्रिवेदी भी इसका हिस्सा हैं. कमल मुकुट इसे प्रस्तुत कर रहे हैं, जबकि दीपक मुकुट, हेमंत मुकुट और लोकेश मुकुट ने एमएम मूवीज बैनर के तहत निर्माण किया है. फिल्म के संगीत से Zee Music Company जुड़ी है.