श्री अधिकारी ब्रदर्स और प्रसार भारती ने चर्चित क्राइम थ्रिलर सीरीज ‘सुराग’ के रीबूट ‘सुराग 2.0’ का फर्स्ट लुक जारी किया है. सीरीज में सुधेश बेरी एक बार फिर इंस्पेक्टर भारत की भूमिका में नजर आएंगे. उनके साथ साई केतन राव और जिज्ञासा सिंह भी अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगे.

‘सुराग 2.0’ का प्रसारण DD National पर होगा. निर्माताओं ने बताया है कि सीरीज का प्रीमियर जल्द किया जाएगा, हालांकि प्रसारण की सटीक तारीख अभी सामने नहीं आई है.

एक एपिसोड, एक केस वाले फॉर्मेट की वापसी

मूल ‘सुराग’ का प्रसारण भी DD National पर हुआ था. सीरीज में हर एपिसोड एक अलग मामले की जांच और उसके समाधान पर केंद्रित रहता था. इंस्पेक्टर भारत के किरदार में सुधेश बेरी की मौजूदगी और जांच आधारित कहानी ने इस शो को टेलीविजन दर्शकों के बीच पहचान दिलाई थी.

नए संस्करण में भी मूल सीरीज की भावना और जांच-केंद्रित ढांचे को बनाए रखने की बात कही गई है. साथ ही, कहानी कहने के तरीके और प्रस्तुति को मौजूदा दर्शकों के अनुरूप बनाने की कोशिश की जाएगी.

श्री अधिकारी ब्रदर्स और दूरदर्शन का फिर साथ

‘सुराग 2.0’ श्री अधिकारी ब्रदर्स और दूरदर्शन के पुराने सहयोग की भी वापसी है. प्रोडक्शन हाउस और सार्वजनिक प्रसारक की साझेदारी से भारतीय टेलीविजन के शुरुआती दौर में कई कार्यक्रम दर्शकों तक पहुंचे थे.

श्री अधिकारी ब्रदर्स के मैनेजिंग डायरेक्टर कैलाशनाथ अधिकारी ने कहा कि यह वापसी ऐसे समय हो रही है, जब दर्शक पुराने लोकप्रिय टेलीविजन शो को फिर से खोज रहे हैं. उनके अनुसार, ‘सुराग 2.0’ में पुरानी यादों और समकालीन मनोरंजन का मेल देखने को मिलेगा.

नई पीढ़ी के लिए आधुनिक ट्रीटमेंट

सीरीज के निर्देशक और क्रिएटर रवि अधिकारी के मुताबिक, यह प्रोजेक्ट केवल पुराने शो की वापसी नहीं है. उन्होंने कहा कि टीम मूल सीरीज की खासियतों को बरकरार रखते हुए इसे नई पीढ़ी के लिए आधुनिक कहानी कहने की शैली और ट्रीटमेंट के साथ पेश करेगी.

फिलहाल निर्माताओं ने कलाकारों की भूमिकाओं और एपिसोड से जुड़ी विस्तृत जानकारी साझा नहीं की है. ‘सुराग 2.0’ का पहला प्रसारण कब होगा, इसकी घोषणा का इंतजार है.