दिवंगत Minecraft क्रिएटर Technoblade की जिंदगी और विरासत पर फीचर-लेंथ डॉक्यूमेंट्री फिल्म बनाई जा रही है. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, फिल्म का नाम ‘Technoblade Never Dies’ रखा गया है, जो इस लोकप्रिय क्रिएटर का चर्चित catchphrase था. प्रोजेक्ट को उनके परिवार का पूरा सहयोग और समर्थन हासिल है.
फिल्म का निर्माण Candle Media की इकाई Candle True Stories कर रही है. Riot Games और Hypixel Studios इसे फंड कर रहे हैं. दोनों कंपनियों ने फिल्म से होने वाला अपना मुनाफा चैरिटी को दान करने की बात कही है. Hypixel Studios, Hypixel Minecraft सर्वर बनाने वाली टीम से जुड़ा स्वतंत्र गेम स्टूडियो है.
फिल्म में क्या दिखाया जाएगा
‘Technoblade Never Dies’ का निर्देशन डॉक्यूमेंट्री फिल्ममेकर Steven Lake कर रहे हैं. निर्माताओं के मुताबिक, फिल्म Technoblade के ऑनलाइन नाम के पीछे मौजूद युवा व्यक्ति की कहानी पहली बार विस्तार से सामने लाने की कोशिश करेगी.
इसके लिए उनके परिवार और दोस्तों तक विशेष पहुंच, Technoblade के बनाए सैकड़ों घंटों के कंटेंट और दुनिया भर के प्रशंसकों की कहानियों का इस्तेमाल किया जाएगा. फिल्म यह दिखाने की कोशिश करेगी कि कैलिफोर्निया का एक शर्मीला और गुमनाम किशोर किस तरह Minecraft की दुनिया में अपने हास्य, कौशल और अलग व्यक्तित्व के कारण लाखों लोगों का चहेता बना.
फिल्म अभी शुरुआती प्रोडक्शन चरण में है. निर्माताओं की योजना पहले इसे किसी बड़े फिल्म फेस्टिवल में प्रीमियर करने, उसके बाद सिनेमाघरों में रिलीज करने और फिर व्यापक वितरण की है. हालांकि, अभी किसी डिस्ट्रीब्यूटर के साथ समझौता नहीं हुआ है और रिलीज की तारीख भी घोषित नहीं की गई है.
कैंसर से जूझते हुए भी प्रशंसकों से जुड़े रहे
Technoblade ने किशोर उम्र में Minecraft वीडियो बनाना शुरू किया था. उनका लक्ष्य अपने YouTube चैनल पर 1 करोड़ subscribers तक पहुंचना था, जिसे उन्होंने 2021 के अंत में हासिल किया. इसके कुछ ही समय बाद उन्होंने कैंसर से जूझने की जानकारी साझा की और इलाज के दौरान भी अपने खास हास्य और आत्मविश्वास के साथ प्रशंसकों से संवाद करते रहे.
जून 2022 में 23 वर्ष की उम्र में उनकी मौत के बाद उनके पिता ने उनका अंतिम संदेश साझा किया, जिसका शीर्षक था ‘so long nerds’. इसी संदेश के जरिए पहली बार उनके असली नाम Alex का सार्वजनिक रूप से खुलासा हुआ. परिवार ने अब तक अपनी निजी पहचान को काफी हद तक गोपनीय रखा है.
उनकी मौत के बाद उनके पिता Marshall, जिन्हें प्रशंसक ‘Mr. Technodad’ के नाम से जानते हैं, समुदाय के साथ जुड़े रहे. प्रस्तावित डॉक्यूमेंट्री में Technoblade के परिवार और उनके प्रशंसकों के बीच बने इस रिश्ते को भी जगह दी जाएगी.
ऑनलाइन समुदाय की विरासत पर भी फोकस
Technoblade के प्रशंसकों ने उनकी मौत के बाद एक वर्चुअल Minecraft memorial में 4 लाख से अधिक संदेश जमा किए थे. इन संदेशों को परिवार के लिए 22 condolence books में बदला गया. फिल्म इस समुदाय की कहानी और उस भावनात्मक जुड़ाव को भी तलाशेगी, जिसने दुनिया भर के प्रशंसकों को दोस्ती, संपर्क और सामूहिक शोक का अनुभव दिया.
Candle True Stories के अनुसार, डॉक्यूमेंट्री का उद्देश्य क्रिएटर और समुदाय के बीच बने असाधारण रिश्ते को दिखाना है. निर्देशक Steven Lake ने इसे इंटरनेट और वीडियो गेम्स की सकारात्मक शक्ति पर केंद्रित कहानी बताया है.
Technoblade का प्रभाव उनकी मौत के बाद भी गेमिंग संस्कृति में बना हुआ है. उनके YouTube चैनल पर करीब 2.3 करोड़ subscribers हैं. 2025 की फिल्म ‘A Minecraft Movie’ में उनके ताज पहने सुअर वाले avatar को श्रद्धांजलि भी दी गई थी.
