तेलुगु अभिनेता तेजा सज्जा ने कथित तौर पर हैदराबाद में एक निजी समारोह के दौरान सगाई कर ली है. रिपोर्ट्स के अनुसार, समारोह बंजारा हिल्स स्थित ताज कृष्णा में आयोजित किया गया, जिसमें परिवार के सदस्यों, करीबी दोस्तों और फिल्म जगत से जुड़े कुछ लोगों ने हिस्सा लिया.
समारोह में केंद्रीय मंत्री जी. किशन रेड्डी, विधायक हरीश राव, अभिनेता शिवाजी, निर्माता साहू गरापति और निर्देशक कार्तिक घट्टमनेनी के शामिल होने की बात कही गई है. तेजा सज्जा के माता-पिता और अन्य रिश्तेदार भी कार्यक्रम में मौजूद थे.
रिपोर्ट्स के मुताबिक, सगाई से कुछ दिन पहले तेजा सज्जा ने तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी से मुलाकात की थी और उन्हें समारोह में आमंत्रित किया था. अभिनेता ने सोशल मीडिया पर मुख्यमंत्री के साथ तस्वीर साझा कर निमंत्रण देने की जानकारी दी थी.
मंगेतर की पहचान निजी रखने का फैसला
तेजा सज्जा ने एक इंटरव्यू में अपनी होने वाली पत्नी के बारे में कुछ जानकारी साझा की थी. उनके अनुसार, वह अमेरिका में पली-बढ़ी हैं और टेक्नोलॉजी क्षेत्र में अपने पिता के साथ काम करती हैं. उनका फिल्म इंडस्ट्री से कोई संबंध नहीं है.
अभिनेता ने कहा था कि उनकी मंगेतर प्रचार और सार्वजनिक चर्चा से दूर रहती हैं. इसी वजह से उन्होंने उनकी पहचान सार्वजनिक न करने का फैसला किया है.
‘जॉम्बी रेड्डी 2’ पर काम जारी
कामकाज की बात करें तो तेजा सज्जा ‘जॉम्बी रेड्डी 2-एनएक्सटी एलवीएल’ में नजर आएंगे. फिल्म का निर्देशन सुपर्ण एस. वर्मा कर रहे हैं, जबकि प्रशांत वर्मा इसके क्रिएटर हैं. कन्नड़ अभिनेता उपेंद्र राव और शनाया कपूर भी फिल्म में महत्वपूर्ण भूमिकाओं में हैं. तेजा सज्जा तेलुगु रियलिटी शो ‘द ट्रेटर्स’ की मेजबानी भी कर रहे हैं.
