तेलुगु अभिनेता तेजा सज्जा इस साल के अंत में शादी करने की तैयारी में हैं. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, उनकी सगाई नवंबर 2026 में और शादी दिसंबर में राजस्थान में होने की योजना है. इसके बाद हैदराबाद में तेलुगु फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े दोस्तों और सहकर्मियों के लिए रिसेप्शन आयोजित किए जाने की संभावना है.

तेजा सज्जा ने हाल ही में तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी से मुलाकात कर उन्हें अपनी सगाई का निमंत्रण दिया. यह मुलाकात हैदराबाद स्थित डॉ. मरी चन्ना रेड्डी मानव संसाधन विकास संस्थान में हुई. मुख्यमंत्री की ओर से साझा की गई जानकारी के मुताबिक, अभिनेता ने उन्हें समारोह में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया.

कौन हैं तेजा सज्जा की होने वाली पत्नी

अभिनेता ने अपनी मंगेतर की पहचान सार्वजनिक नहीं की है. उपलब्ध रिपोर्ट्स के मुताबिक, वह अमेरिका में पली-बढ़ी हैं और टेक्नोलॉजी क्षेत्र में अपने पिता के साथ काम करती हैं. तेजा सज्जा ने बताया है कि उनकी होने वाली पत्नी का फिल्म इंडस्ट्री से कोई संबंध नहीं है और वह सार्वजनिक जीवन की चकाचौंध से दूर रहती हैं. इसी वजह से अभिनेता ने उनकी निजता बनाए रखने का फैसला किया है.

तेजा सज्जा ने बाल कलाकार के रूप में 1998 की फिल्म ‘चूड़ालानी वुंडी’ से करियर शुरू किया था. वयस्क अभिनेता के तौर पर वह ‘ओह! बेबी’ में नजर आए. प्रशांत वर्मा की सुपरहीरो फिल्म ‘हनुमान’ से उन्हें देशभर में पहचान मिली. वह ‘मिराई’ के बाद ‘जॉम्बी रेड्डी 2 - NXT LVL’ में काम कर रहे हैं. इसके अलावा वह तेलुगु रियलिटी शो ‘द ट्रेटर्स’ की मेजबानी भी कर रहे हैं.