स्वीडिश रियलिटी शो ‘The Challenge Sverige’ के दूसरे सीजन की एडिटेड फाइलें डिलीट हो गई हैं. शुरुआती रिपोर्टों में दावा किया गया था कि प्रोडक्शन कंपनी Mastiff के सर्वर तक पहुंच रखने वाले एक AI एजेंट ने फाइलें हटा दीं. हालांकि, स्वीडिश प्रसारक TV4 ने इस दावे से इनकार किया है.
TV4 की कार्यक्रम निदेशक मिया लिंड्क्विस्ट के अनुसार, मामले की जांच में सामने आया कि बैकअप फेल हुआ था और फाइलें मानवीय गलती के कारण डिलीट हुईं. उन्होंने कहा कि इस घटना में AI की कोई भूमिका नहीं थी.
रिपोर्ट के मुताबिक, डिलीट हुई फाइलें वापस हासिल नहीं की जा सकीं. ऐसे में शो के दूसरे सीजन को दोबारा एडिट करना पड़ेगा. पहले सीजन की एडिटिंग में करीब एक साल लगा था.
शो के प्रीमियर की तारीख पहले 22 नवंबर तय थी, लेकिन अब इसके अगले साल प्रसारित होने की बात कही गई है. नई तारीख की जानकारी उपलब्ध नहीं कराई गई है.
‘The Challenge Sverige’ अमेरिकी शो ‘The Challenge’ पर आधारित है. इसमें प्रतिभागी अलग-अलग चुनौतियों में हिस्सा लेते हैं और विजेता को 10 लाख स्वीडिश क्रोना की पुरस्कार राशि मिलती है. TV4 ने यह भी कहा कि अधिकांश प्रोडक्शन कंपनियां अब AI का इस्तेमाल करती हैं, लेकिन इस मामले में नुकसान का कारण AI नहीं था.
