Netflix का लोकप्रिय कॉमेडी शो ‘द ग्रेट इंडियन कपिल शो’ अपने पांचवें सीजन के साथ लौट रहा है. नया सीजन 26 सितंबर से शुरू होगा और इसके नए एपिसोड हर शनिवार रात 8 बजे केवल Netflix पर स्ट्रीम किए जाएंगे.

इस सीजन में कपिल शर्मा के साथ सुनील ग्रोवर, कृष्णा अभिषेक, कीकू शारदा, अर्चना पूरन सिंह और नवजोत सिंह सिद्धू नजर आएंगे. शो को ‘हंसी का त्योहार’ थीम के साथ पेश किया जा रहा है और इसकी वापसी आगामी त्योहारों के मौसम के साथ हो रही है.

सेलिब्रिटी मेहमानों और नए कॉमेडी सेगमेंट का दावा

Netflix के मुताबिक, सीजन 5 में सेलिब्रिटी मेहमानों, न्यूज़मेकर्स और अलग-अलग क्षेत्रों से जुड़े लोगों को शामिल किया जाएगा. एपिसोड्स में मेहमानों के साथ बातचीत, स्केच, मजाकिया नोकझोंक, हल्की-फुल्की रोस्टिंग और कॉमेडी सेगमेंट देखने को मिलेंगे. हालांकि, अब तक सभी मेहमानों की पूरी सूची सार्वजनिक नहीं की गई है.

यह शो छह महीने के अंतराल के बाद लौट रहा है. Netflix ने इसे अलग-अलग उम्र के दर्शकों को जोड़ने वाला पारिवारिक मनोरंजन कार्यक्रम बताया है. प्लेटफॉर्म के अनुसार, नए सीजन में भारतीय संस्कृति और अलग-अलग तरह की शख्सियतों से जुड़े पहलुओं को भी जगह दी जाएगी.

कपिल शर्मा ने वापसी पर कहा कि हर सीजन में टीम को लगता है कि वह काफी मस्ती कर चुकी है, लेकिन फिर महसूस होता है कि अभी बहुत कुछ बाकी है. उन्होंने दर्शकों के प्यार के लिए आभार जताते हुए कहा कि इस बार दिवाली और क्रिसमस समेत आगामी त्योहारों को पूरे उत्साह के साथ मनाया जाएगा.

Netflix की सीरीज हेड तान्या बामी ने कहा कि पांचवें सीजन के साथ शो की वापसी दर्शकों के लिए नए पल, अप्रत्याशित सरप्राइज और हंसी के ज्यादा मौके लेकर आएगी.