‘द लॉर्ड ऑफ द रिंग्स: द रिंग्स ऑफ पावर’ के तीसरे सीजन में खामुल को सौरोन के सहयोगी के तौर पर पेश किया गया है. वह उन मानव राजाओं में शामिल है, जिन्हें शक्ति की अंगूठियां मिलने के बाद धीरे-धीरे अपनी मानवता खोकर नाज़गुल या रिंगव्रेथ बनने की ओर बढ़ना है. सीरीज में इन रिंग-सर्वेंट्स के लिए ‘Nazgnagôl’ नाम का इस्तेमाल किया गया है.
खामुल की खासियत यह है कि वह केवल सीरीज के लिए बनाया गया पात्र नहीं है. जे. आर. आर. टॉल्किन की रचनाओं में उसका उल्लेख मिलता है. ‘Unfinished Tales of Númenor and Middle-earth’ के अनुसार, खामुल विच-किंग ऑफ एंगमार का दूसरे नंबर का सहयोगी था. उसे ‘Shadow of the East’ और ‘Black Easterling’ जैसे नामों से भी जाना जाता है. ये नाम उसके रून क्षेत्र और ईस्टरलिंग पृष्ठभूमि की ओर संकेत करते हैं.
टॉल्किन की समयरेखा में खामुल का संबंध ‘द फेलोशिप ऑफ द रिंग’ की घटनाओं से भी जुड़ता है. वह उन नाज़गुल में था, जिन्होंने शायर में फ्रोडो बैगिन्स की तलाश की थी. बकलबरी फेरी के पास फ्रोडो और उसके साथियों का पीछा करने वाले रिंगव्रेथ्स में भी उसका उल्लेख किया गया है.
बाद के दौर में सौरोन ने खामुल को मिर्कवुड स्थित डोल गुलदुर के किले की जिम्मेदारी भी दी थी. ‘द रिंग्स ऑफ पावर’ में दिखाई जा रही घटनाएं इन घटनाओं से हजारों वर्ष पहले की हैं. हालांकि, अंगूठी स्वीकार करने के बाद उसका भविष्य पहले से तय माना जाता है—वह सौरोन का सेवक बनता है और आगे चलकर विच-किंग के अधीन काम करता है.
