Warner Bros. Television और Fox Nation के बीच Chris Harrison के नए डेटिंग शो ‘The Vow’ को लेकर कानूनी विवाद सामने आया है. ‘The Bachelor’ फ्रेंचाइजी का निर्माण करने वाले Warner Bros. Television ने 18 सितंबर को Fox Nation और Lionsgate को कथित तौर पर कानूनी नोटिस भेजकर शो के प्रचार को रोकने की मांग की.

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, नोटिस में कहा गया कि ‘The Vow’ के प्रोमोशन में ‘The Bachelor’ की बौद्धिक संपदा और फ्रेंचाइजी की लोकप्रियता का लाभ उठाने की कोशिश की गई है. Warner Bros. Television ने कॉपीराइट, ट्रेडमार्क और अनुचित प्रतिस्पर्धा से जुड़े राज्य और संघीय कानूनों के संभावित उल्लंघन का दावा किया है. हालांकि, कंपनी ने यह भी स्पष्ट किया कि उसे Chris Harrison की मेजबानी वाले किसी नए डेटिंग शो से अपने आपत्ति नहीं है.

नोटिस में शो के टीजर और पुराने ‘The Bachelor’ सीजन की प्रचार सामग्री के स्क्रीनशॉट को उदाहरण के तौर पर शामिल किए जाने की बात कही गई है. Warner Bros. Television ने टीजर में दिखाए गए लाल गुलाबों को फ्रेंचाइजी का तुरंत पहचाना जाने वाला प्रतीक बताया. कंपनी ने यह दावा भी किया कि एक थंबनेल में पृष्ठभूमि का महलनुमा घर ‘Bachelor Mansion’ की छवि उभारता है.

Fox Nation ने 24 सितंबर को भेजे जवाब में इन आरोपों को खारिज किया. उसके अनुसार, Warner Bros. Television गिरती हुई गुलाब की पंखुड़ियों या ‘The Bachelor’ शब्द के सामान्य अर्थ में इस्तेमाल पर विशेष अधिकार का दावा नहीं कर सकता. Fox Nation ने कहा कि गुलाब की पंखुड़ियां रोमांस फिल्मों और कहानियों में लंबे समय से इस्तेमाल होने वाला सामान्य तत्व हैं.

जवाब में यह भी कहा गया कि Warner Bros. का नोटिस वैध कॉपीराइट और ट्रेडमार्क अधिकारों की रक्षा के बजाय Fox Nation और Chris Harrison को प्रतिस्पर्धी डेटिंग शो के प्रचार से रोकने की कोशिश जैसा लगता है. Fox Nation ने Warner Bros. के रवैये को ‘दुर्भावनापूर्ण और प्रतिशोधपूर्ण’ बताया और उससे कानूनी कार्रवाई वापस लेने को कहा.

‘The Vow’ का प्रीमियर 11 नवंबर को प्रस्तावित है. शो के छह एपिसोड साप्ताहिक जारी किए जाएंगे. इसमें eligible bachelor Jace Cates को 10 महिलाओं के साथ डेटिंग करते दिखाया जाएगा. आधिकारिक विवरण के मुताबिक, कार्यक्रम साझा मूल्यों, आस्था, संवाद और दीर्घकालिक लक्ष्यों के आधार पर टिकाऊ रिश्ते की संभावना पर केंद्रित होगा.

Chris Harrison ने 2002 में शुरू हुई ‘The Bachelor’ और उसकी कई स्पिनऑफ सीरीज की मेजबानी की थी. 2021 में उन्होंने इस फ्रेंचाइजी से विवादित परिस्थितियों में विदाई ली थी.