सिद्धार्थ मल्होत्रा और तमन्ना भाटिया की आगामी फिल्म ‘द व्वान: फोर्स ऑफ द फॉरेस्ट’ से जुड़ा संगीत विवाद बातचीत के बाद सुलझता दिख रहा है. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, फिल्म के निर्माताओं ने गायक सरगम वैश और BLive Music से ‘ऐगिरि नंदिनी’ के सिंक राइट्स हासिल कर लिए हैं.
वैश ने आरोप लगाया था कि फिल्म के ट्रेलर में उनके गाने के करीब 25 सेकंड के हिस्से का इस्तेमाल बिना अनुमति किया गया. उनका दावा था कि ट्रेलर में उनकी मूल रिकॉर्डिंग, प्रोडक्शन और वोकल्स का इस्तेमाल हुआ है. उन्होंने टीम से गाना हटाने और जरूरत पड़ने पर कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी थी.
बाद में वैश, BLive Music और फिल्म से जुड़े प्रतिनिधियों के बीच बैठक हुई. रिपोर्ट्स के मुताबिक, पक्षों ने अदालत के बाहर मामला सुलझा लिया और फिल्म में इस संगीत को इस्तेमाल करने के अधिकार तय किए गए. निर्माताओं ने वैश और संबंधित बौद्धिक संपदा को उचित क्रेडिट देने पर भी सहमति जताई है.
‘द व्वान’ का निर्देशन दीपक मिश्रा ने किया है और फिल्म 25 सितंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है.
