मुंबई में अभिनेता Tiger Shroff पर हुए हमले की शुरुआती जांच में सामने आया है कि वारदात में शामिल तीन आरोपियों को विदेश में नौकरी दिलाने और अतिरिक्त पैसे देने का कथित लालच दिया गया था. पुलिस के अनुसार, हमले को अंजाम देने के लिए उन्हें कुल ₹50,000 एडवांस दिए गए थे और काम पूरा होने के बाद और रकम देने का वादा किया गया था.

जांच एजेंसियां आरोपियों को छोटे-छोटे हिस्सों में किए गए संभावित भुगतान की भी पड़ताल कर रही हैं, ताकि पैसों के लेन-देन का पूरा नेटवर्क सामने आ सके. पुलिस एक कथित हैंडलर और उन लोगों की भूमिका की जांच कर रही है, जिन्होंने आरोपियों को हमले के लिए तैयार किया और आर्थिक मदद पहुंचाई.

पुलिस के मुताबिक, 22 वर्षीय हृतिक उर्फ रोशन बिहार के बेगूसराय का रहने वाला है, जबकि 18 वर्षीय रेहान और 18 वर्षीय फूल सिंह हरियाणा से हैं. जांच के अनुसार, हमले के दौरान दो लोगों ने सात राउंड फायरिंग की और तीसरा आरोपी मोटरसाइकिल पर कुछ दूरी पर इंतजार कर रहा था.

वारदात के बाद तीनों आरोपी बाइक छोड़कर ट्रेन से जयपुर की ओर भागे. उन्हें सोमवार सुबह राजस्थान के कोटा में ट्रेन से पकड़ा गया. पुलिस का कहना है कि वे आगे दिल्ली और फिर नेपाल भागने की योजना बना रहे थे.