अभिनेता तुषार कपूर को कथित तौर पर लॉरेंस गैंग के सदस्य हैरी बॉक्सर के नाम से धमकी भरा फोन आया. फोन करने वाले ने उनसे ₹5 करोड़ की फिरौती मांगी. तुषार कपूर ने इसकी जानकारी मुंबई पुलिस को दी, जिसके बाद मामले की जांच एंटी-एक्सटॉर्शन सेल और क्राइम ब्रांच को सौंपी गई.

पुलिस की क्राइम ब्रांच टीम ने धमकी भरे कॉल की ऑडियो रिकॉर्डिंग की तकनीकी जांच की. इसके बाद रिकॉर्डिंग में सुनाई दे रही आवाज का मिलान हैरी बॉक्सर के आधिकारिक ऑडियो सैंपल से किया गया. पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के मुताबिक, दोनों आवाजों में मेल नहीं मिला.

इस आधार पर पुलिस को शक है कि किसी व्यक्ति ने गैंग का नाम लेकर तुषार कपूर को डराने और वसूली की कोशिश की. फिलहाल पुलिस उस व्यक्ति की पहचान करने का प्रयास कर रही है, जिसने कथित तौर पर धमकी भरी ऑडियो रिकॉर्डिंग भेजी थी. मामले में आगे की कार्रवाई जांच के निष्कर्षों पर निर्भर करेगी.

हैरी बॉक्सर को लेकर पहले भी सामने आए आरोप

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, हैरी बॉक्सर पर फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े कुछ लोगों को धमकियां देने के आरोप पहले भी लग चुके हैं. इनमें अभिनेता रणवीर सिंह के मैनेजर को कथित तौर पर वॉइस नोट भेजकर फिरौती मांगने का मामला शामिल है. हालांकि, तुषार कपूर से जुड़े मामले में पुलिस की शुरुआती तकनीकी जांच आवाज के मेल नहीं खाने की ओर इशारा करती है.

तुषार कपूर ने वर्ष 2001 में फिल्म ‘मुझे कुछ कहना है’ से अभिनय की शुरुआत की थी. उन्हें ‘गोलमाल’ फ्रेंचाइजी और ‘क्या कूल हैं हम’ जैसी फिल्मों से खास पहचान मिली. उन्होंने फिल्मों के अलावा वेब सीरीज में भी काम किया है.