अभिनेता तुषार कपूर को कथित तौर पर ₹5 करोड़ की रंगदारी के लिए धमकी भरा कॉल आया. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, कॉल करने वाले ने खुद को लॉरेंस बिश्नोई गिरोह से जुड़ा हैरी बॉक्सर बताया. तुषार ने मामले की जानकारी मुंबई पुलिस को दी है.
मुंबई पुलिस की शुरुआती जांच में इस कॉल के फर्जी होने का शक जताया गया है. क्राइम ब्रांच की तकनीकी टीम ने धमकी भरे कॉल की रिकॉर्डिंग का अध्ययन किया और उसमें सुनाई देने वाली आवाज की तुलना पुलिस के पास मौजूद हैरी बॉक्सर के आधिकारिक ऑडियो नमूनों से की. रिपोर्ट के मुताबिक, दोनों आवाजों में समानता नहीं मिली.
पुलिस कर रही कॉलर की तलाश
आवाज के नमूनों के मेल नहीं खाने के बाद जांचकर्ता इस संभावना पर काम कर रहे हैं कि किसी व्यक्ति ने डर पैदा करने के लिए बिश्नोई गिरोह का नाम इस्तेमाल किया हो. पुलिस अब उस व्यक्ति की पहचान और कॉल या रिकॉर्डिंग भेजे जाने के स्रोत का पता लगाने की कोशिश कर रही है. फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि धमकी देने वाले ने तुषार से संपर्क के लिए किस माध्यम का इस्तेमाल किया.
पिछले कुछ समय में सलमान खान, रोहित शेट्टी, रणवीर सिंह और टाइगर श्रॉफ समेत मनोरंजन जगत से जुड़े कई नामों को बिश्नोई गिरोह से जोड़कर धमकियों की खबरें सामने आई हैं. तुषार कपूर के मामले में पुलिस की जांच पूरी होने तक कॉलर के गिरोह से वास्तविक संबंध की पुष्टि नहीं हुई है.
‘गोलमाल 5’ में नजर आएंगे तुषार
काम के मोर्चे पर तुषार कपूर रोहित शेट्टी की ‘गोलमाल 5’ में दिखाई देंगे. ‘गोलमाल’ फ्रेंचाइजी की पहली फिल्म 2006 में आई थी. इसके बाद ‘गोलमाल रिटर्न्स’ (2008), ‘गोलमाल 3’ (2010) और ‘गोलमाल अगेन’ (2017) रिलीज हुईं. तुषार इस फ्रेंचाइजी की पिछली फिल्मों का हिस्सा रहे हैं.
