तैयब मेहता की पेंटिंग ‘रिक्शा पुलर’ नीलामी में ₹69.1 करोड़ में बिकी है. इस बिक्री के साथ यह कलाकार के लिए विश्व नीलामी रिकॉर्ड बन गई. पेंटिंग की बिक्री वोल्टे ऊना की पहली नीलामी में हुई, जो एक बार में सिर्फ एक प्रमुख कलाकृति की बिक्री के मॉडल पर काम करता है.
‘रिक्शा पुलर’ ने अप्रैल 2025 में बने तैयब मेहता के पिछले रिकॉर्ड को पीछे छोड़ा. तब उनकी पेंटिंग ‘Trussed Bull’ ₹61.8 करोड़ में बिकी थी. नई बिक्री भारतीय कला-कृतियों की नीलामी में चौथे सबसे ऊंचे मूल्य वाली बिक्री भी बताई गई है.
पेंटिंग और कलाकार की पृष्ठभूमि
2002 में बनाई गई यह acrylic on canvas पेंटिंग रिक्शा चालक की आकृति को दर्शाती है. रिक्शा चालक का यह विषय मेहता के अंतिम दौर के कामों में दोहराया गया था. नीलामी के अंतिम मिनटों में पेंटिंग के लिए कई बोलीदाताओं के बीच प्रतिस्पर्धा हुई.
मेहता अपने काम को लेकर बेहद सख्त माने जाते थे और जिन कृतियों को वे मानकों के अनुरूप नहीं समझते थे, उन्हें नष्ट कर देते थे. उनके जीवन का एक लंबा समय मुंबई के एक छोटे, एक कमरे वाले अपार्टमेंट में बीता, जो दिन में स्टूडियो और रात में शयनकक्ष के रूप में इस्तेमाल होता था. 1990 के दशक में वे और उनकी पत्नी सकीना लोखंडवाला के दो कमरों वाले अपार्टमेंट में रहने लगे थे.
वोल्टे ऊना के संस्थापक तुषार जीवराजका ने कहा कि नीलामी घर का एकल-कृति मॉडल गंभीर और गोपनीय संग्राहकों को कलाकृति के साथ अधिक समय बिताने का अवसर देता है. उनके अनुसार, इस मॉडल में खरीदार का प्रीमियम कम रखने का प्रयास किया गया है. वोल्टे ऊना की अगली नीलामी नवंबर के अंत में प्रस्तावित है, जिसमें Herwitz Collection की एमएफ हुसैन की एक कृति शामिल होगी.
