अभिनेता और संगीतकार विजय एंटनी की फिल्म ‘Appa Kutty’ के प्री-रिलीज कार्यक्रम में उनकी पत्नी फातिमा एंटनी ने परिवार से जुड़ी भावुक बातें साझा कीं. उन्होंने बताया कि बेटी मीरा के निधन के बाद विजय ने जूते-चप्पल पहनना लगभग छोड़ दिया है.
फातिमा के अनुसार, परिवार ने मीरा के लिए कई चप्पल और जूते खरीदे थे. घर का एक कमरा इन सामानों से भरा हुआ है. उन्हें देखने के बाद विजय ने नियमित रूप से फुटवियर न पहनने का फैसला किया. उन्होंने कहा कि विजय केवल कुछ बड़े कार्यक्रमों में ही जूते पहनते हैं.
फातिमा ने यह भी बताया कि विजय के पास कई महंगी घड़ियां हैं, लेकिन वह मीरा की आखिरी पहनी हुई घड़ी पहनना पसंद करते हैं. कार्यक्रम में उनकी छोटी बेटी लॉरा भी मौजूद थीं. फातिमा ने कहा कि मीरा के निधन के बाद उन्होंने करीब पांच साल तक किसी फिल्म कार्यक्रम में हिस्सा नहीं लिया था और इस आयोजन में दोबारा शामिल होना उनके लिए भावनात्मक क्षण था.
उन्होंने अपने बचपन का जिक्र करते हुए कहा कि जब वह सात साल की थीं, तब उनके पिता छोटी बहन और उन्हें छोड़कर चले गए थे. फातिमा के मुताबिक, विजय ने उन्हें पिता जैसा प्यार दिया.
कार्यक्रम में विजय एंटनी ने कहा कि ‘Appa Kutty’ पिता और बेटी के रिश्ते को भावनात्मक ढंग से पेश करती है. उनके अनुसार, फिल्म देखने के बाद दर्शकों को अपने पिता को फोन करके बात करने का मन हो सकता है.
मु मारन के निर्देशन में बनी इस फिल्म में विजय एंटनी और प्रीति असरानी मुख्य भूमिकाओं में हैं. फिल्म में बेबी लिथान्या, भगवती पेरुमल और अन्य कलाकार भी नजर आएंगे. ‘Appa Kutty’ 20 नवंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है.
