फिल्मकार विवेक अग्निहोत्री ने कहा है कि दिवाली समारोह के दौरान उनके घर की बालकनी में रखा सोफा एक भटके हुए रॉकेट की चपेट में आने से जलने लगा. उन्होंने बताया कि उनके कुत्तों ने समय रहते परिवार को सचेत किया, जबकि सोफे के आग-रोधी कपड़े ने स्थिति को काबू में रखने में मदद की.
अग्निहोत्री ने सोशल मीडिया पर साझा की गई पोस्ट में कहा कि परिवार को पहले से ऐसी घटना की आशंका थी. उनके मुताबिक, इस बार बड़ा हादसा टल गया, लेकिन ऐसे मामलों में दूसरे लोगों और उनके घरों की सुरक्षा को लेकर चिंता बनी रहती है.
उन्होंने मुंबई की मेयर ऋतु तावड़े को संबोधित करते हुए कहा कि त्योहार मनाना लोगों की जान और घरों की सुरक्षा की कीमत पर नहीं होना चाहिए. अग्निहोत्री ने भटके हुए रॉकेट को ‘फायर हर्जर्ड’ बताते हुए कहा कि इसे सांस्कृतिक गौरव नहीं माना जा सकता.
फिल्मकार ने अधिकारियों से आतिशबाजी और अग्नि-सुरक्षा नियमों का सख्ती से पालन कराने की मांग की. उन्होंने कहा कि केवल लोगों से सावधानी बरतने की अपील पर्याप्त नहीं है. उनके अनुसार, जागरूकता फैलाने, अदालत के आदेश लागू कराने, अग्नि-सुरक्षा सुनिश्चित करने और उल्लंघन रोकने की जिम्मेदारी संभालने वालों की भी जवाबदेही तय होनी चाहिए. उन्होंने मुंबई में हुई आग की घटनाओं की जांच और लापरवाही साबित होने पर जिम्मेदारी तय करने की अपील की.
अपनी पोस्ट के अंत में अग्निहोत्री ने भगवद्गीता के एक श्लोक का अंग्रेजी अर्थ साझा किया, जिसमें जिम्मेदार पदों पर बैठे लोगों के आचरण का समाज पर प्रभाव बताया गया है. बाद में उन्होंने पोस्ट हटाकर कहा कि वह किसी के आक्रोश का कारण नहीं बनना चाहते और न ही किसी सांस्कृतिक या पर्यावरणीय विमर्श को प्रभावित करना चाहते.
