अभिनेता विवेक ओबेरॉय ने सलमान खान की आगामी फिल्म ‘मातृभूमि’ के लिए शुभकामनाएं दी हैं. उन्होंने कहा कि भारतीय सशस्त्र बलों की बहादुरी, साहस और बलिदान को दर्शाने वाली फिल्मों को दर्शकों का समर्थन मिलना चाहिए. फिल्म 4 दिसंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है.

विवेक ने यह बात कैंसर मरीजों के लिए आयोजित ‘रामायण’ की विशेष स्क्रीनिंग के दौरान मीडिया से बातचीत में कही. इस पहल के तहत इलाज करा रहे मरीजों को फिल्म देखने और कुछ समय मनोरंजन के साथ बिताने का अवसर दिया गया.

फिल्म के बारे में पूछे जाने पर विवेक ने कहा कि भारतीय सशस्त्र बलों की वीरता पर बनी किसी भी फिल्म को दर्शकों का समर्थन मिलना चाहिए. उन्होंने उम्मीद जताई कि ‘मातृभूमि’ को दर्शकों से भरपूर प्यार मिलेगा.

विवेक ने फिल्म के निर्देशक अपूर्व लाखिया को भी शुभकामनाएं दीं. उन्होंने बताया कि लाखिया उनके मित्र हैं और दोनों पहले ‘शूटआउट ऐट लोखंडवाला’ में साथ काम कर चुके हैं. अभिनेता ने कहा कि वह फिल्म की सफलता की कामना करते हैं और उम्मीद करते हैं कि यह लोगों को प्रेरित करेगी.

विवेक के अनुसार, जो फिल्में वर्दीधारी जवानों के प्रति लोगों के मन में सम्मान पैदा करती हैं, उन्हें सफल होना चाहिए.

सलमान खान की ‘मातृभूमि’ के बाद विवेक ओबेरॉय की एक और फिल्म ‘मिस्टर एंड मिसेज ग्रे’ भी 11 दिसंबर को सिनेमाघरों में आने वाली है.