एंजेलिना जोली और ब्रैड पिट की बेटी विविएन ने कानूनी रूप से अपने नाम से ‘पिट’ सरनेम हटा लिया है. अब उनका नाम ‘विविएन मार्चेलिन जोली’ दर्ज होगा. इस बदलाव के साथ वह जोली-पिट परिवार की चौथी संतान बन गई हैं, जिन्होंने अपने नाम से पिता का सरनेम हटाने की कानूनी प्रक्रिया पूरी की है.

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, कैलिफोर्निया के एक जज ने सोमवार को हुई सुनवाई में विविएन की नाम परिवर्तन संबंधी अपील को मंजूरी दी. उन्होंने 12 जुलाई को 18 साल की होने के कुछ समय बाद जुलाई के मध्य में नाम बदलने के लिए आवेदन किया था.

हालांकि कानूनी मंजूरी अब मिली है, विविएन वर्ष 2024 से सार्वजनिक रूप से ‘विविएन जोली’ नाम का इस्तेमाल कर रही थीं. मई 2024 में ब्रॉडवे प्रोडक्शन ‘द आउटसाइडर्स’ के आधिकारिक प्लेबिल में भी उनका नाम ‘जोली-पिट’ के बजाय ‘जोली’ लिखा गया था. वह इस प्रोडक्शन से बतौर निर्माता जुड़ी थीं और अपनी मां की मदद कर रही थीं.

विविएन की बहन शिलोह ने अगस्त 2024 में कानूनी मंजूरी मिलने के बाद सबसे पहले अपना सरनेम बदला था. इसके बाद जाहरा मार्ले जोली और मैडॉक्स चिवान जोली के नाम परिवर्तन संबंधी अपील को सितंबर में मंजूरी मिलने की जानकारी सामने आई.

विविएन के जुड़वां भाई नॉक्स का नाम जून 2026 में हाई स्कूल ग्रेजुएशन डिप्लोमा पर ‘नॉक्स जोली’ लिखा होने की रिपोर्ट आई थी, लेकिन उनके औपचारिक कानूनी नाम परिवर्तन की पुष्टि नहीं हुई है. पैक्स ही वह संतान हैं, जो सार्वजनिक रूप से अब भी ‘जोली-पिट’ नाम इस्तेमाल करते हैं.