नागा चैतन्य की आगामी सुपरनैचुरल एडवेंचर थ्रिलर फिल्म ‘वृषकर्मा’ का ट्रेलर जारी हो गया है. कार्तिक वर्मा दांडू के निर्देशन में बनी यह फिल्म 4 दिसंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है. करीब 2 मिनट 56 सेकंड के ट्रेलर में प्राचीन रहस्यों, डरावने माहौल और एक असाधारण खोज की झलक दिखाई गई है.
ट्रेलर की शुरुआत रहस्यमय घटनाओं से होती है. इसमें 5,000 साल पुराने शिलाचित्रों और छिपी हुई गुफाओं को दिखाया गया है. अभिनेता जयराम का किरदार इन गुफाओं की खोज करता नजर आता है. कहानी आगे बढ़ने पर नागा चैतन्य का किरदार एक ऐसी खोज तक पहुंचता है, जो उसके पूरे सफर की दिशा बदल देती है.
नागा चैतन्य फिल्म में एक साहसी खोजकर्ता की भूमिका निभा रहे हैं. ट्रेलर में वह चट्टानों पर चढ़ते, अपने उपकरणों को परखते और रहस्यमय गुफाओं के भीतर जाते दिखाई देते हैं. उनका किरदार इन छिपे रहस्यों के करीब पहुंचते हुए कठिन और डरावने अनुभवों से गुजरता है. फिल्म में वैदिक विज्ञान और ऐसे रहस्यों के संकेत भी हैं, जिन्हें सामान्य मानवीय ज्ञान से परे बताया गया है.
मीenाक्षी चौधरी फिल्म की मुख्य अभिनेत्री हैं. ‘लापता लेडीज’ से पहचान बनाने वाले स्पर्श श्रीवास्तव खलनायक की भूमिका में नजर आएंगे. ट्रेलर में उनका असामान्य रूप और डरावने हावभाव दिखाई देते हैं. कियारा खन्ना भी महत्वपूर्ण भूमिका में हैं.
फिल्म के गुफा सेट प्रोडक्शन डिजाइनर श्री नागेंद्र तंगाला ने तैयार किए हैं. रघुल डी. हेरियन ने सिनेमैटोग्राफी की है, जबकि बी. अजयनीश लोकनाथ ने संगीत दिया है. नागा चैतन्य ने दर्शकों से फिल्म को बेहतर ध्वनि और दृश्य सुविधाओं के साथ देखने की अपील की है.
