रामोला बच्चन अमिताभ बच्चन की भाभी और उनके छोटे भाई अजिताभ बच्चन की पूर्व पत्नी हैं. वह लंबे समय तक बच्चन परिवार से जुड़े होने के बावजूद सार्वजनिक जीवन से अपेक्षाकृत दूर रही हैं. जालसा बंगले से जुड़े संपत्ति विवाद के सामने आने के बाद उनका नाम फिर चर्चा में है.
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, रामोला ने 1993 के उस गिफ्ट डीड पर आपत्ति जताई है, जिसके जरिए मुंबई के जुहू स्थित जालसा बंगले का स्वामित्व जया बच्चन को दिए जाने की बात कही गई है. रामोला का दावा है कि संपत्ति पहले उनके नाम दर्ज थी और उनकी जानकारी या अनुमति के बिना इसे जया के नाम स्थानांतरित किया गया. इन दावों पर अभी अधिकारियों का अंतिम फैसला नहीं आया है.
संपत्ति विवाद में क्या दावा किया गया
रिपोर्ट्स के मुताबिक, रामोला ने पिछले सात महीनों में पंजीकरण अधिकारियों के समक्ष कई शिकायतें दी हैं. मामला अंधेरी स्थित सहकारी समितियों के उप-पंजीयक के समक्ष सुनवाई में है. कपोल हाउसिंग सोसायटी के रिकॉर्ड में जया बच्चन का नाम मालिक के तौर पर दर्ज बताया गया है, जबकि महाराष्ट्र सरकार के प्रॉपर्टी कार्ड में रामोला का नाम होने की बात कही गई है.
रामोला ने कथित तौर पर गिफ्ट डीड की प्रक्रिया पर भी सवाल उठाए हैं. उनका आरोप है कि दस्तावेज सादे कागज पर तैयार किया गया था और उस पर स्टांप ड्यूटी या गवाहों के हस्ताक्षर नहीं थे. रिपोर्ट्स में कहा गया है कि बाद में इसे राज्य की अभय योजना के तहत नियमित किया गया. इन दावों की वैधता पर सुनवाई जारी है.
फैशन और टेलीविजन में करियर
1947 में कलकत्ता में जन्मीं रामोला ने अंग्रेजी साहित्य और राजनीति की पढ़ाई की. इसके बाद उन्होंने अमेरिका में बिजनेस मैनेजमेंट की शिक्षा ली और लंदन में सॉलिसिटर के रूप में प्रशिक्षण भी प्राप्त किया. वह एक समय एयर होस्टेस के तौर पर भी काम कर चुकी हैं.
लंदन में उन्होंने TV Asia के लिए प्रस्तोता के रूप में काम किया और टोनी ब्लेयर, इमरान खान तथा रवि शंकर जैसी हस्तियों के इंटरव्यू किए. भारत लौटने के बाद उन्होंने ‘First Resort’ नाम से रिसॉर्ट-वियर ब्रांड शुरू किया और RBC Events नाम की इवेंट कंपनी चलायी. 2020 में उन्होंने दिल्ली में ‘The Accidental Chef’ नाम से होम-डाइनिंग सेवा शुरू की.
रामोला और अजिताभ बच्चन की शादी 1973 में हुई थी. उनके चार बच्चे—भीम, नम्रता, नैना और नीलिमा—हैं. नैना की शादी अभिनेता कुणाल कपूर से हुई है. अमिताभ बच्चन और जया बच्चन की ओर से इस विवाद पर प्रतिक्रिया की जानकारी उपलब्ध नहीं है.
