हॉलीवुड अभिनेता विल स्मिथ और जाडा पिंकेट स्मिथ की कैलाबासस स्थित संपत्ति में सोमवार को आधी रात के बाद आग लग गई. आग घर के परिसर में बने एक स्टोरेज शेड में लगी थी. राहत की बात यह रही कि घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है.
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, लॉस एंजिल्स काउंटी शेरिफ विभाग को स्थानीय समयानुसार रात 12:04 बजे एक ढांचे में आग लगने की सूचना मिली. संपत्ति की सुरक्षा टीम ने मौके पर पहुंचे अधिकारियों को आग वाली जगह तक पहुंचने में मदद की. लॉस एंजिल्स फायर डिपार्टमेंट और शेरिफ विभाग की टीमों ने मिलकर आग पर काबू पाया.
अधिकारियों के मुताबिक, शेरिफ विभाग की टीम सुबह करीब 3 बजे संपत्ति से लौट गई. घटना के समय विल स्मिथ और जाडा पिंकेट स्मिथ घर पर मौजूद थे या नहीं, यह स्पष्ट नहीं है. आग की वजह का अभी पता नहीं चला है और मामले की जांच की जा रही है.
संपत्ति में पहले भी लगी थी आग
यह पहली बार नहीं है जब इस संपत्ति पर आग से जुड़ी घटना सामने आई है. वर्ष 2021 में भी यहां आग लगी थी. उस समय आग को जल्दी बुझा लिया गया था और किसी को अस्पताल ले जाने की जरूरत नहीं पड़ी थी. आग लगने की वजह तब भी स्पष्ट नहीं हो सकी थी. इसके बाद घर में मरम्मत और नवीनीकरण का काम कराया गया था.
स्मिथ परिवार की एक अन्य संपत्ति भी आग से प्रभावित हो चुकी है. जनवरी 2025 में कैलिफोर्निया के विनाशकारी जंगलों की आग में उनकी बेटी विलो स्मिथ का मालिबू स्थित घर नष्ट हो गया था. यह घर कथित तौर पर 31 लाख डॉलर का था.
