फिल्ममेकर आदित्य धर ने 28 नवंबर को पत्नी और अभिनेत्री यामी गौतम के जन्मदिन पर सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट साझा की. उन्होंने यामी के साथ अपनी कुछ रोमांटिक तस्वीरें पोस्ट करते हुए उन्हें अपनी जिंदगी का सबसे मजबूत सहारा बताया.
आदित्य ने लिखा कि यामी की मुस्कान उनके लिए सिर्फ एक कमरे को नहीं, बल्कि पूरी दुनिया को रोशन करती है. उन्होंने यामी को अपना घर, सबसे बड़ी ताकत और सबसे मजबूत समर्थक बताया. आदित्य के मुताबिक, यामी ने उन्हें बेहतर इंसान बनने के लिए प्रेरित किया है.
फिल्ममेकर ने यामी के निजी और पेशेवर जीवन के बीच संतुलन की भी तारीफ की. अपने संदेश में उन्होंने हल्के-फुल्के अंदाज में लिखा कि उन्हें नहीं पता कि यामी इतना सब कुछ करने के साथ-साथ उन्हें कैसे सह लेती हैं. पोस्ट के अंत में आदित्य ने उनके साथ पूरी जिंदगी हाथ थामकर चलने और बार-बार प्यार में पड़ते रहने की बात कही. उन्होंने संदेश के साथ #YamiPaglu हैशटैग का इस्तेमाल किया.
यामी ने आदित्य की पोस्ट पर कमेंट करते हुए लिखा, “Pl marry me Thank you sooo much for everything, my love !!!! Forever #adityapaglu.” उनके इस मजाकिया जवाब ने दोनों के बीच की हल्की-फुल्की नोकझोंक को सामने ला दिया.
आदित्य धर और यामी गौतम ने 2021 में शादी की थी. 2024 में दोनों एक बेटे के माता-पिता बने, जिसका नाम वेदाविद है. हाल ही में ‘CNN-News18 Indian of the Year 2026’ समारोह से जुड़ा एक वीडियो भी चर्चा में आया था. ‘धुरंधर’ फ्रेंचाइजी पर बातचीत के दौरान आदित्य ने यामी द्वारा निभाए गए शाजिया बानो के किरदार को अपना पसंदीदा बताया था, जिस पर अभिनेत्री हंस पड़ी थीं.
