मुंबई में ‘ये प्रेम मोल लिया’ के ट्रेलर लॉन्च के दौरान निर्देशक सूरज बड़जात्या ने आयुष्मान खुराना के किरदार ‘प्रेम’ और सलमान खान के चर्चित प्रेम अवतार के बीच समानता पर बात की. कार्यक्रम में आयुष्मान खुराना, शरवरी, अनुपम खेर, स्वानंद किरकिरे समेत फिल्म की पूरी टीम मौजूद रही.
सूरज बड़जात्या ने बताया कि जब उन्हें फिल्म की कहानी मिली, तो प्रेम के किरदार के लिए सबसे पहले आयुष्मान का नाम उनके दिमाग में आया. उनके मुताबिक, यह किरदार कुछ सामाजिक प्रथाओं पर सवाल उठाता है, लेकिन उसका अंदाज बेहद सहज और विनम्र है. उन्होंने आयुष्मान की पिछली फिल्मों ‘बाला’ और ‘ड्रीम गर्ल’ का भी उल्लेख किया.
निर्देशक ने कहा कि आयुष्मान ने पहले ही दिन प्रेम का ‘सूर’ यानी स्वभाव और लहजा इतनी अच्छी तरह पकड़ लिया था कि उन्होंने उनके अभिनय को बदलने की कोशिश नहीं की. उन्होंने यही बात सलमान खान के बारे में भी कही. बड़जात्या के अनुसार, सलमान भी संवाद और दृश्यों को अपने स्वाभाविक अंदाज में प्रस्तुत करते हैं.
कार्यक्रम में आयुष्मान से पूछा गया कि बड़जात्या की फिल्मों में प्रेम का किरदार सबसे अच्छा किसने निभाया. उन्होंने जवाब दिया कि सलमान खान से बेहतर प्रेम कोई नहीं हो सकता और उन्हें ‘ओरिजिनल प्रेम’ बताया. सलमान ने बड़जात्या की ‘मैंने प्यार किया’, ‘हम आपके हैं कौन’, ‘हम साथ-साथ हैं’ और ‘प्रेम रतन धन पायो’ में प्रेम का किरदार निभाया है.
आयुष्मान ने कहा कि उनकी पिछली फिल्मों में वे अक्सर एक ‘अपूर्ण’ व्यक्ति का किरदार निभाते रहे हैं, जबकि प्रेम एक संपूर्ण और आदर्श पुरुष है. उन्होंने यह भी कहा कि राजश्री की फिल्में समाज जैसा है, यह दिखाने के बजाय समाज कैसा होना चाहिए, इसकी कल्पना पेश करती हैं. ‘ये प्रेम मोल लिया’ 27 नवंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी.
