केंद्र सरकार ने अग्निपथ सैन्य भर्ती योजना में चार साल पूरे करने वाले अग्निवीरों के लिए आगे की सेवा का नया रास्ता तैयार किया है. केंद्रीय मंत्रिमंडल ने 75% अग्निवीरों को उनकी इच्छा के आधार पर दो साल का अतिरिक्त कार्यकाल देने को मंजूरी दी है.

मौजूदा व्यवस्था के तहत प्रत्येक बैच के अधिकतम 25% अग्निवीरों को प्रदर्शन, संगठनात्मक जरूरतों और तय चयन मानदंडों के आधार पर सशस्त्र बलों के नियमित कैडर में शामिल किया जाता है. सरकार के अनुसार यह प्रावधान जारी रहेगा.

दो साल का अतिरिक्त कार्यकाल पूरा होने के बाद शेष अग्निवीरों को भी उनकी इच्छा और चयन मानदंड पूरा करने की स्थिति में नियमित सैनिक के रूप में शामिल किए जाने की पेशकश की जाएगी. दूसरे कार्यकाल में अधिक वेतन, बढ़ा हुआ सेवा निधि पैकेज और वरिष्ठता से जुड़े लाभ देने की बात कही गई है.

योजना में अब तक की व्यवस्था

अग्निपथ योजना जून 2022 में शुरू की गई थी. इसके तहत 17.5 से 21 वर्ष की आयु के युवाओं को थल सेना, नौसेना और वायुसेना में चार साल के लिए अग्निवीर के रूप में भर्ती किया जाता है. योजना का उद्देश्य सशस्त्र बलों की औसत आयु कम करना और तकनीकी रूप से सक्षम सैन्य बल तैयार करना है.

सरकारी आंकड़ों के अनुसार, फरवरी 2025 तक करीब 1.5 लाख अग्निवीरों को योजना के तहत शामिल किया जा चुका था. चार साल की सेवा पूरी करने वालों के लिए केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों और असम राइफल्स में 10% आरक्षण का प्रावधान भी है.