अरवल जिले के सोनभद्र वंशी सूर्यपुर प्रखंड में आयोजित ‘सेवा सेतु शिविर-सरकार आपके द्वार’ का पंचायती राज मंत्री सह जिले के प्रभारी मंत्री दीपक प्रकाश ने निरीक्षण किया. शिविर में विभिन्न विभागों की ओर से आम लोगों को दी जा रही सेवाओं और जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी ली गई.
मंत्री ने अधिकारियों और कर्मियों को पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से पहुंचाने का निर्देश दिया. इस दौरान मुख्यमंत्री दिव्यांगजन सशक्तीकरण योजना ‘संबल’ के तहत दो पात्र दिव्यांगजनों को बैटरी चालित ट्राइसाइकिल प्रदान की गई.
अधिकारियों के अनुसार, सहायक उपकरण उपलब्ध कराने का उद्देश्य दिव्यांगजनों को आवागमन में सुविधा देना और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने में मदद करना है. योजना के तहत 40 प्रतिशत या उससे अधिक चलन दिव्यांगता वाले पात्र व्यक्ति ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं. आवेदन के लिए दिव्यांगता प्रमाण-पत्र, आधार कार्ड, आवासीय प्रमाण-पत्र और अधिकतम दो लाख रुपये वार्षिक आय का प्रमाण-पत्र आवश्यक बताया गया है.
