आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के तहत 112 उपचार पैकेज सरकारी अस्पतालों के लिए आरक्षित किए जाने की तैयारी है. इसका अर्थ यह होगा कि जिन राज्यों में यह व्यवस्था लागू की जाएगी, वहां इन पैकेजों का इलाज योजना के तहत निजी अस्पतालों में उपलब्ध नहीं रहेगा.
राष्ट्रीय स्वास्थ्य प्राधिकरण के प्रस्ताव के अनुसार, पहले से आरक्षित 23 पैकेजों के अलावा 89 नए पैकेज सूची में जोड़े जा सकते हैं. नई व्यवस्था को 1 दिसंबर 2026 से ट्रांजेक्शन मैनेजमेंट सिस्टम में लागू करने की तैयारी बताई गई है. हालांकि, अंतिम निर्णय राज्य स्वास्थ्य प्राधिकरणों को लेना होगा.
प्रस्तावित सूची में स्त्री रोग, सामान्य सर्जरी, सामान्य चिकित्सा, मानसिक स्वास्थ्य, हड्डी रोग, नेत्र और ईएनटी से जुड़े उपचार शामिल हैं. हाई-रिस्क डिलीवरी, हिस्टेरेक्टॉमी, मेडिकल टर्मिनेशन ऑफ प्रेग्नेंसी, मोतियाबिंद, बायोप्सी, फ्रैक्चर, गंभीर एनीमिया, हेपेटाइटिस, पैंक्रियाटाइटिस, मलेरिया, चिकनगुनिया और डायरिया से जुड़े पैकेज भी इसमें बताए गए हैं.
लागू करने से पहले राज्यों को सरकारी अस्पतालों में डॉक्टरों, विशेषज्ञों, उपकरणों और ऑपरेशन सुविधाओं की उपलब्धता का आकलन करने को कहा गया है. प्रस्ताव का उद्देश्य सरकारी स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत करना और निजी अस्पतालों पर योजना के खर्च को नियंत्रित करना बताया गया है.
