आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के तहत सरकारी अस्पतालों के लिए आरक्षित उपचार पैकेजों की संख्या बढ़ाने का प्रस्ताव है. राष्ट्रीय स्वास्थ्य प्राधिकरण (NHA) ने मौजूदा 23 पैकेजों को बढ़ाकर 112 करने का सुझाव दिया है. इनमें 89 नए उपचार और प्रक्रियाएं शामिल होंगी.

प्रस्तावित सूची में गंभीर एनीमिया, तेजी से बढ़ा हुआ रक्तचाप, ब्रोंकाइटिस, डायरिया, पेचिश, गैस्ट्रोएंटेराइटिस, मूत्र संक्रमण, किडनी स्टोन से जुड़ी समस्या और मधुमेह की कुछ जटिलताओं जैसे इलाज शामिल हैं. हिस्टेरेक्टॉमी, सर्कमसिजन, बायोप्सी, हाइड्रोसील, बवासीर, सिस्ट और लिपोमा के उपचार के साथ डायबिटिक रेटिनोपैथी तथा ग्लूकोमा की जांच भी प्रस्तावित पैकेजों में है.

राज्यों की प्रतिक्रिया के बाद फैसला

NHA ने 13 अक्टूबर को राज्यों की स्वास्थ्य एजेंसियों से प्रस्तावित सूची पर सुझाव मांगे थे. सुझाव देने की अंतिम तारीख 25 नवंबर रखी गई थी. प्रस्तावित ढांचे को 1 दिसंबर 2026 से योजना के Transaction Management System में लागू करने की तैयारी है.

हालांकि, यह अभी अंतिम निर्णय नहीं है. राज्यों को अपने यहां डॉक्टरों, विशेषज्ञों, उपकरणों और अन्य सुविधाओं की उपलब्धता के आधार पर आरक्षित पैकेजों की संख्या घटाने की छूट दी जा सकती है. सरकारी अस्पतालों को योजना के तहत मिलने वाली प्रतिपूर्ति राशि से बुनियादी ढांचे, दवाओं और सेवाओं को मजबूत करने का तर्क दिया गया है.