केंद्र सरकार आयुष्मान भारत योजना के तहत सरकारी अस्पतालों में उपलब्ध इलाज पैकेजों की संख्या बढ़ाने की तैयारी कर रही है. प्रस्ताव के मुताबिक, सरकारी अस्पतालों के लिए आरक्षित पैकेज 23 से बढ़ाकर 112 किए जा सकते हैं. इस संबंध में राज्यों से सुझाव मांगे गए थे और 25 नवंबर तक मिले सुझावों पर स्वास्थ्य मंत्रालय विचार कर रहा है. प्रस्ताव में बदलाव 1 दिसंबर से लागू करने की बात कही गई है.

इन 112 पैकेजों में गंभीर एनीमिया, अनियंत्रित या तीव्र उच्च रक्तचाप, एक्यूट ब्रोंकाइटिस, डायरिया, गैस्ट्रोएंटेराइटिस, यूरिन इंफेक्शन और किडनी स्टोन के दर्द जैसे उपचार शामिल हैं. इसके अलावा पाइल्स और फिशर सर्जरी, हाइड्रोसील, बायोप्सी, ब्रेस्ट लंप या सिस्ट हटाने और गर्भाशय या फाइब्रॉइड से जुड़े कुछ प्रोसीजर भी प्रस्तावित सूची में हैं.

अस्पतालों की क्षमता पर सवाल

स्वास्थ्य मंत्रालय की 2024-25 की रिपोर्ट के अनुसार, 89% सरकारी अस्पतालों के स्व-मूल्यांकन में केवल 54% अस्पताल ही इंडियन पब्लिक हेल्थ स्टैंडर्ड्स पर 50% से अधिक स्कोर कर सके. यानी 46% अस्पताल इस स्तर तक नहीं पहुंचे. सरकार ने इस साल सभी अस्पतालों के मूल्यांकन के बाद 64% अस्पतालों का स्कोर 50% से ऊपर होने का दावा किया है.

जिला अस्पतालों में बिस्तरों की कमी, क्रिटिकल केयर सुविधाओं की सीमित उपलब्धता और विशेषज्ञ डॉक्टरों की कमी बड़ी चुनौतियां हैं. मंजूर किए गए 577 क्रिटिकल केयर ब्लॉक्स में से केवल 6 के तैयार होने की जानकारी दी गई है. राष्ट्रीय स्वास्थ्य प्रोफाइल 2023 के अनुसार, देश में औसत उम्र 70 वर्ष हो गई है, जिससे गंभीर हृदय और श्वसन रोगों के इलाज की जरूरत बढ़ रही है.

राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत 3.89 लाख कर्मचारी संविदा पर हैं, जिनमें 5,062 विशेषज्ञ बताए गए हैं. 1,243 शहरों में कुल 374 विशेषज्ञ कार्यरत होने की जानकारी भी दी गई है. विशेषज्ञ प्रो. रितु प्रिया ने कहा कि सरकारी अस्पतालों में सर्जन, एनेस्थीसियोलॉजिस्ट और अन्य विशेषज्ञों के करीब 70% पद खाली हैं. उनके अनुसार, पहल से नजदीकी अस्पतालों में इलाज मिल सकता है, लेकिन ग्रामीण क्षेत्रों में डॉक्टरों और जरूरी संसाधनों की कमी के कारण इसे लागू करना चुनौतीपूर्ण होगा.