उत्तर प्रदेश के बागपत जिले में घेवर और बालूशाही कारोबार से जुड़े उद्यमियों को सरकार की एक जनपद एक व्यंजन (ओडीओपी) वित्तपोषण सहायता योजना का लाभ मिलेगा. योजना के तहत नई इकाई शुरू करने के साथ मौजूदा इकाई के विस्तार के लिए भी सहायता का प्रावधान है. चालू वित्त वर्ष में जिले के लिए अधिकतम 33 लाख रुपये की सब्सिडी का लक्ष्य निर्धारित किया गया है.

योजना के तहत लाभार्थी आधुनिक मशीनरी, उत्पादन क्षमता, पैकेजिंग और बाजार विस्तार पर निवेश कर सकेंगे. पात्र आवेदक की उम्र कम से कम 18 वर्ष होनी चाहिए और किसी विशेष शैक्षिक योग्यता की बाध्यता नहीं है. आवेदक या उसके परिवार को योजना का लाभ केवल एक बार मिलेगा. साथ ही, आवेदक या परिवार के किसी सदस्य ने पहले किसी अन्य सरकारी स्वरोजगार योजना का लाभ नहीं लिया होना चाहिए.

सामान्य वर्ग के लाभार्थियों को परियोजना लागत का 10 प्रतिशत अंशदान देना होगा. अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग, अल्पसंख्यक, महिलाओं और दिव्यांगजन के लिए यह अंशदान 5 प्रतिशत रखा गया है.

परियोजना लागत 25 लाख रुपये तक होने पर 25 प्रतिशत या अधिकतम 6.25 लाख रुपये, 25 से 50 लाख रुपये तक की लागत पर 10 प्रतिशत या अधिकतम 6.25 लाख रुपये और 50 लाख से 1.5 करोड़ रुपये तक की लागत पर 20 प्रतिशत या अधिकतम 10 लाख रुपये की सहायता का प्रावधान बताया गया है. आवेदन जिला उद्योग एवं उद्यमिता विकास केंद्र के माध्यम से किया जा सकता है.