बागपत जिले में मातृभूमि योजना के तहत गांवों के विकास में बाहर रहने वाले लोगों की भागीदारी बढ़ाने की पहल की जा रही है. इसके लिए ग्राम प्रधान ऐसे लोगों की सूची तैयार कर अधिकारियों को उपलब्ध कराएंगे, जो गांव से बाहर रहते हैं और विकास कार्यों में आर्थिक या अन्य सहयोग देने में सक्षम हैं.

सूची मिलने के बाद अधिकारियों और ग्राम प्रधानों की ओर से इन लोगों से संपर्क किया जाएगा. उनसे गांव में विकास कार्य कराने और आवश्यक सुविधाओं के निर्माण में सहयोग देने की अपील की जाएगी.

मातृभूमि योजना का उद्देश्य गांवों में विकास कार्य, आधारभूत सुविधाएं और सार्वजनिक परिसंपत्तियों का निर्माण व रखरखाव स्थानीय निवासियों के साथ-साथ बाहर रहने वाले लोगों और निजी संस्थाओं के सहयोग से कराना है. योजना के दिशा-निर्देशों में ग्राम पंचायतों के स्वीकृत कार्यों को सहयोग और सहभागिता के आधार पर पूरा करने का प्रावधान है.

जिला पंचायत राज अधिकारी अरुण अत्री के अनुसार, इस योजना को लेकर जिला स्तर पर प्रयास किए जाएंगे. सूची तैयार होने के बाद संबंधित लोगों से संपर्क कर गांव के विकास में योगदान देने का अनुरोध किया जाएगा.