छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में महतारी वंदन योजना के लाभार्थियों के सत्यापन के दौरान करीब 5 हजार अपात्र या संदिग्ध मामले सामने आए हैं. इन हितग्राहियों को नोटिस जारी कर योजना के तहत मिली राशि वापस करने की प्रक्रिया शुरू की गई है. अधिकारियों के अनुसार, करीब 72 लाख रुपये की वसूली के लिए नोटिस भेजे गए हैं.

जिला कार्यक्रम अधिकारी अमित सिन्हा के अनुसार, मामलों की विस्तृत जांच कराई जा रही है. सत्यापन में ऐसे प्रकरण भी शामिल हैं, जिनमें लाभार्थी योजना की पात्रता शर्तों के दायरे में नहीं आते या उनकी मृत्यु के बाद भी खाते में राशि जारी होने की आशंका है.

बालोद परियोजना क्षेत्र की एक महिला को रिकॉर्ड में मृत दर्शाकर 14 महीनों में मिली 14 हजार रुपये की राशि लौटाने का नोटिस दिए जाने का मामला भी सामने आया है. संबंधित महिला ने खुद को जीवित बताते हुए कार्रवाई पर सवाल उठाए हैं.

अधिकारियों का कहना है कि नोटिस जारी करने की प्रक्रिया और संभावित त्रुटियों की समीक्षा के बाद ही अंतिम रिपोर्ट तैयार होगी. इसलिए फिलहाल करीब 5 हजार मामलों को संदिग्ध या जांचाधीन माना जा रहा है, अंतिम रूप से अपात्र घोषित नहीं.