पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि राज्य सरकार विकास योजनाओं को शहीद-ए-आजम भगत सिंह की विरासत और उनके विचारों से जोड़कर आगे बढ़ा रही है. उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य देशभक्ति, समानता, न्याय और जनकल्याण पर आधारित पंजाब का निर्माण करना है.

28 सितंबर को पंजाब कृषि विश्वविद्यालय में आयोजित ‘जश्न-ए-इंकलाब’ कार्यक्रम में मान ने कहा कि पंजाब की प्रगति, शिक्षा, जनकल्याण और जल संसाधनों की सुरक्षा उन मूल्यों का हिस्सा हैं, जिनके लिए शहीदों ने बलिदान दिया.

मुख्यमंत्री के अनुसार, सरकार ने भगत सिंह की स्मृति से जुड़े कई कदम उठाए हैं. इनमें मोहाली हवाई अड्डे का नामकरण, भगत सिंह की 30 फुट ऊंची प्रतिमा की स्थापना और सरकारी कार्यालयों में भगत सिंह तथा डॉ. भीमराव आंबेडकर के चित्र लगाए जाना शामिल है.

उन्होंने खटकड़ कलां में करीब ₹52 करोड़ की लागत से विकसित किए जा रहे शहीद-ए-आजम भगत सिंह हेरिटेज कॉम्प्लेक्स का भी उल्लेख किया. सरकार इसे विरासत, अध्ययन और सांस्कृतिक पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित कर रही है.