बिहार सरकार ने राज्य के 38 जिलों में 1,03,445 विकास कार्यों को पूरा कराने का लक्ष्य तय किया है. ये कार्य ‘सेवा संकल्प एवं कायाकल्प अभियान’ के तहत कराए जाएंगे. अभियान में सरकारी स्कूलों समेत सार्वजनिक परिसंपत्तियों के रखरखाव, मरम्मत, उन्नयन और नई सुविधाओं के निर्माण को शामिल किया गया है.
अभियान के तहत शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता, पेयजल और ग्रामीण आधारभूत ढांचे को प्राथमिकता दी गई है. पहले से मौजूद परिसंपत्तियों के सुदृढ़ीकरण और रखरखाव से जुड़े काम 30 नवंबर 2026 तक पूरे करने का लक्ष्य है, जबकि नई आधारभूत संरचनाओं के निर्माण के लिए 31 मार्च 2027 की समयसीमा तय की गई है.
जिलावार आवंटन में गया में सबसे अधिक 5,605 कार्य रखे गए हैं. इसके बाद पटना में 5,572, सीतामढ़ी में 4,873, मधुबनी में 4,537 और मुजफ्फरपुर में 4,467 कार्य निर्धारित हैं.
ग्रामीण विकास एवं सूचना-जनसंपर्क विभाग के मंत्री श्रवण कुमार के अनुसार, अभियान का उद्देश्य सार्वजनिक सुविधाओं की गुणवत्ता सुधारना और विकास कार्यों का लाभ दूरदराज तथा ग्रामीण क्षेत्रों तक पहुंचाना है.
