बिहार में अभियान बसेरा-2 के तहत तीन डिसमिल आवासीय जमीन मिलने की चर्चा के बाद बड़ी संख्या में महिलाएं पटना पहुंच रही हैं. पिछले कई दिनों से मुख्यमंत्री सचिवालय और लोकसेवक आवास के आसपास आवेदकों की भीड़ देखी गई. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, कुछ दिनों में हजारों महिलाओं को आवेदन की पावती भी दी गई है.

प्रशासन के मुताबिक, यह भ्रम फैल गया है कि तीन डिसमिल जमीन के लिए आवेदन केवल पटना में ही जमा होगा. इसी वजह से महिलाएं दूर-दराज के जिलों से राजधानी पहुंच रही हैं. कई आवेदक आधार कार्ड और सादे कागज पर लिखे आवेदन लेकर पहुंचीं.

कहां जमा होगा आवेदन

राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग ने स्पष्ट किया है कि पात्र वासभूमिहीन परिवार अपने संबंधित अंचल कार्यालय में आवेदन दे सकते हैं. पंचायत स्तर पर आयोजित विशेष शिविरों में भी आवेदन लिए जाएंगे. विभाग ने ऑनलाइन आवेदन की सुविधा भी शुरू की है.

अभियान बसेरा-2 के तहत पात्र भूमिहीन परिवारों को घर बनाने के लिए आवासीय जमीन देने का प्रावधान है. अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि आवेदन के लिए बिचौलियों के झांसे में न आएं और अनावश्यक रूप से पटना की यात्रा न करें.