पटना में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की अध्यक्षता में हुई बिहार कैबिनेट की बैठक में 31 प्रस्तावों को मंजूरी दी गई. फैसलों में सरकारी कर्मचारियों और पेंशनभोगियों के लिए महंगाई भत्ते में बढ़ोतरी के साथ छात्राओं को उद्यमिता से जोड़ने वाली योजना भी शामिल है.

सातवें वेतनमान के तहत वेतन और पेंशन पाने वालों का महंगाई भत्ता 60 से बढ़ाकर 63 प्रतिशत किया गया है. यह बढ़ोतरी 1 जुलाई 2026 से प्रभावी मानी जाएगी. पांचवें वेतनमान वाले कर्मचारियों और पेंशनभोगियों का भत्ता 483 से बढ़ाकर 497 प्रतिशत, जबकि छठे वेतनमान वालों का भत्ता 262 से बढ़ाकर 269 प्रतिशत किया गया है. इन दोनों संशोधनों को भी 1 जुलाई 2026 से लागू करने का निर्णय लिया गया है.

छात्राओं के स्टार्टअप के लिए नई योजना

उच्च शिक्षण संस्थानों में पढ़ने वाली छात्राओं में नवाचार, उद्यमिता और स्टार्टअप संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए ‘बिहार की बेटी स्टार्टअप चैलेंज योजना’ शुरू की जाएगी. योजना के तहत अधिकतम 2,100 छात्राओं को लाभ देने का लक्ष्य है.

यह योजना वित्तीय वर्ष 2026-27 से 2029-30 तक चार वर्षों के लिए लागू होगी. इसके क्रियान्वयन के लिए ₹88.20 करोड़ की प्रशासनिक स्वीकृति दी गई है. सरकार के अनुसार, योजना का उद्देश्य छात्राओं के नए विचारों को व्यावहारिक उद्यम में बदलने में मदद करना है.