बिहार सरकार ने कुशल युवा कार्यक्रम के तहत ‘डिजिटल मित्र’ योजना शुरू की है. इसका उद्देश्य युवाओं को केवल शैक्षणिक डिग्री तक सीमित न रखकर उन्हें नौकरी और स्वरोजगार के लिए जरूरी डिजिटल व व्यावहारिक कौशल देना है.
सरकार ने अगले पांच वर्षों में 12 लाख युवाओं को प्रशिक्षित करने का लक्ष्य रखा है. वित्तीय वर्ष 2026-27 में 2.67 लाख युवाओं को प्रशिक्षण देने की योजना है. प्रशिक्षण सरकारी और निजी संस्थानों के माध्यम से कराया जाएगा.
270 घंटे का प्रशिक्षण
कार्यक्रम के तहत अधिकतम तीन महीने में 270 घंटे की ट्रेनिंग होगी. इसमें एमएस ऑफिस, गूगल वर्कस्पेस, एआई टूल्स, अंग्रेजी टाइपिंग, संवाद कौशल, कंप्यूटर की बुनियादी जानकारी और नौकरी के इंटरव्यू की तैयारी शामिल होगी.
कम से कम 10वीं पास युवा इसमें शामिल हो सकेंगे, लेकिन उनके पास डिजिटल क्षेत्र में डेढ़ साल का अनुभव होना जरूरी बताया गया है. 12वीं पास उम्मीदवारों को अनुभव की शर्त से छूट मिलेगी. अपार आईडी के आधार पर क्रेडिट स्कोर रखने वाले युवाओं को प्राथमिकता दी जा सकती है.
प्रशिक्षण के बाद डिजिटल मार्केटिंग सहायक, कंप्यूटर ऑपरेटर, पंचायत या प्रखंड स्तर के डिजिटल सहायक और फूड कंपनियों में कंप्लायंस ऑफिसर जैसे कामों के अवसर मिल सकते हैं. हालांकि, यह योजना निश्चित सरकारी नौकरी या तय वेतन की गारंटी नहीं है.
