बिहार के किसानों के लिए कृषि विभाग ने खेतों में ड्रोन से कीटनाशी और तरल उर्वरक के छिड़काव की सुविधा शुरू की है. योजना के तहत छिड़काव शुल्क का 50 प्रतिशत अनुदान दिया जाएगा. सरकारी दिशा-निर्देशों में अनुदान की अधिकतम सीमा 240 रुपये प्रति एकड़ तय की गई है.

यह सुविधा राज्य स्तर पर चयनित सेवा प्रदाता एजेंसियों के माध्यम से उपलब्ध कराई जाएगी. योजना का लाभ लेने के लिए किसान का कृषि विभाग के डीबीटी पोर्टल पर पंजीकरण होना आवश्यक है. विभाग की वेबसाइट पर ड्रोन से छिड़काव के लिए ऑनलाइन आवेदन का विकल्प उपलब्ध कराया गया है.

निर्देशों के अनुसार, एक किसान को अधिकतम 10 एकड़ क्षेत्र में अनुदानित दर पर ड्रोन छिड़काव की सुविधा दी जाएगी. ड्रोन के जरिए फसलों पर कीटनाशी और तरल उर्वरक का छिड़काव कराया जा सकता है. सेवा प्रदाता एजेंसी को नागरिक उड्डयन महानिदेशालय यानी DGCA से पंजीकृत होना जरूरी है.

किसान आवेदन और योजना से जुड़ी जानकारी बिहार कृषि विभाग के DBT पोर्टल या नजदीकी कृषि कार्यालय से प्राप्त कर सकते हैं. आवेदन करने से पहले किसान को अपने पंजीकरण विवरण और बैंक खाते की जानकारी सही होने की जांच कर लेनी चाहिए.