बिहार सरकार अपने कर्मचारियों और पेंशनभोगियों के लिए डिजिटल लोन-अग्रिम सुविधा शुरू करने की तैयारी कर रही है. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, इस योजना का संचालन मोबाइल ऐप और ऑनलाइन पोर्टल के जरिए होगा. सरकार खुद ऋण देने के बजाय बैंकों और गैर-बैंकिंग वित्तीय कंपनियों के माध्यम से यह सुविधा उपलब्ध कराने की योजना बना रही है.

प्रस्तावित व्यवस्था में कर्मचारी अपनी पहचान संख्या से लॉगिन करेंगे. इसके बाद HRMS और CFMS के जरिए पद, वेतन तथा पात्र ऋण सीमा का सत्यापन किया जाएगा. आवेदक ऋण राशि और भुगतान की अवधि चुन सकेंगे. उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, भुगतान अवधि दो से 60 महीने तक हो सकती है और ऋण की अधिकतम सीमा शुद्ध वेतन या पेंशन के 30 गुना तक बताई गई है.

वेतन से कैसे कटेगी EMI

ऋण स्वीकृत होने के बाद राशि पंजीकृत बैंक खाते में भेजी जाएगी. तय मासिक किस्त वेतन या पेंशन जारी होने के साथ स्वतः काटी जाएगी. यदि पूरी राशि 60 दिनों के भीतर चुका दी जाती है, तो ब्याज और प्रोसेसिंग शुल्क नहीं लेने का प्रावधान बताया गया है. आवेदन से पहले पोर्टल पर ब्याज दर, किस्त और अन्य शुल्कों की जानकारी दिखाने की बात कही गई है. योजना का अंतिम प्रारूप और संबंधित वित्तीय संस्थानों की सूची सरकार की औपचारिक अधिसूचना के बाद स्पष्ट होगी.