बिहार में अब सरकारी प्राथमिक और मध्य विद्यालयों के परिसरों में आंगनबाड़ी केंद्रों के भवन बनाए जाएंगे. यह व्यवस्था उन क्षेत्रों में लागू होगी, जहां आंगनबाड़ी भवन के लिए पर्याप्त, विवादमुक्त और अतिक्रमण रहित सरकारी जमीन उपलब्ध नहीं है.

राज्य सरकार के निर्देश के अनुसार ऐसे मामलों में संबंधित आंगनबाड़ी केंद्र के पोषक क्षेत्र में आने वाले सरकारी विद्यालय परिसर की खाली जमीन को प्राथमिकता दी जाएगी. भवन निर्माण के लिए वीबी-जीरामजी योजना की राशि का इस्तेमाल किया जाएगा.

मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक, एक आंगनबाड़ी केंद्र के निर्माण पर 12 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे. केंद्रों की साज-सज्जा, पठन-पाठन सामग्री और फर्नीचर के लिए अतिरिक्त दो लाख रुपये का प्रावधान बताया गया है.

यदि विद्यालय परिसर के भूतल पर जमीन उपलब्ध नहीं होगी, तो तकनीकी जांच के बाद पहली मंजिल पर अतिरिक्त कक्ष बनाने का विकल्प अपनाया जा सकेगा. ऐसी स्थिति में बच्चों की सुरक्षा और भवन की मजबूती का परीक्षण जरूरी होगा.

निर्माण प्रक्रिया में जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी और कार्यपालक अभियंताओं के बीच समन्वय का निर्देश दिया गया है. अधिकारियों को एनओसी जारी करने और कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराने को कहा गया है.